Advertisement

बीवी पर भद्दे कमेंट पर 2 साल में 2 दोस्तों का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

यूपी के बागपत में एक हत्याकांड में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया. दरअसल मृतक ने युवक की पत्नी पर कमेंट किया था, जिसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी. आरोपी युवक पहले भी पत्नी पर भद्दा कमेंट करने पर एक शख्स को मार चुका है.

Baghpat Crime
मनुदेव उपाध्याय
  • बागपत,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:06 PM IST

उत्तर प्रदेश के बागपत में पत्नी पर कमेंट को लेकर 2 साल में 2 हत्याकांड को अंजाम दिया गया. आरोपी ने 2 साल में दो दोस्तों को मार डाला. आरोपी की पत्नी पर युवक ने भद्दा कमेंट किया था, जिसके बाद आरोपी ने शराब पार्टी में उसकी हत्या कर दी.

गन्ने के खेत में मिली लाश-
पूरा मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव का है. यहां पुलिस को गन्ने के खेत में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू की. जांच के दौरान मृतक की पहचान इदरीशपुर गांव निवासी पुष्पेंद्र के रूप में हुई. युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी. 

हत्याकांड के बाद से ही दोस्त फरार-
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ सर्विलांस की मदद ली. जांच के दौरान मृतक के दोस्त मनोज की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली. वारदात के बाद से मनोज के फरार होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस का शक उस पर गहराने लगा. पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी.

पुलिस ने घेरा तो की फायरिंग-
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मनोज भगवानपुर नांगल गांव के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान मनोज ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया. 

पत्नी पर किया कमेंट तो मार डाला-
पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से मृतक पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की, जिसमें हत्या के पीछे पत्नी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को वजह बताया गया.

कैसे वारदात को दिया गया अंजाम?
पुलिस की पूछताछ के अनुसार मनोज और पुष्पेंद्र खेत में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुष्पेंद्र ने मनोज की पत्नी को लेकर भद्दा कमेंट कर दिया. मनोज इससे नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में आकर मनोज ने पुष्पेंद्र का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को गन्ने के खेत में छोड़कर वह मौके से फरार हो गया. 

पहले भी पत्नी पर कमेंट को लेकर की थी हत्या-
इस मामले में आरोपी मनोज का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में गार्ड की नौकरी के दौरान भी मनोज ने बीवी को लेकर भद्दा कमेंट करने से नाराज होकर अपने ही दोस्त योगेश की सरिये से पीट-पीटकर की हत्या कर दी थी. बताया गया कि उस मामले में मनोज और उसकी पत्नी जेल गए थे. जिसमें उन्हें जमानत मिल गई थी. वहीं, अब बागपत में दोस्त पुष्पेंद्र की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया है. फिलहाल बागपत पुलिस के मुताबिक इदरीशपुर गांव में युवक का शव मिलने के बाद सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement