उत्तरप्रदेश के रामपुर में एक पति पर अपनी पत्नी के प्राइवेट पार्ट समेत शरीर के कई हिस्सों पर बिजली का करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मृतका के परिजनों का आरोप है कि मायके से मिली जमीन को बेचने के लिए पति और ससुराल पक्ष लगातार महिला पर दबाव बना रहे थे. महिला अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी. इसी विवाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई.
जमीन बेचने को लेकर था विवाद
मृतका के चाचा इसरार ने बताया कि नसरीन की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी. उसके चार बेटियां और एक बेटा है. आरोप है कि पति दूसरी महिला के संपर्क में था और करीब डेढ़ महीने से उसे अपने साथ रख रहा था. वह नसरीन पर मायके से मिली जमीन बेचने का दबाव बनाता था और कहता था कि जमीन बेचकर वह अपना काम करेगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद रहता था. परिजनों का आरोप है कि महिला को इतनी बेरहमी से मारा गया कि उसके शरीर पर कई जगह चोट और जलने के निशान थे. चाचा के मुताबिक, उसके प्राइवेट पार्ट पर भी बिजली का करंट लगाया गया था. उन्होंने कहा कि नसरीन के माता-पिता और कोई भाई नहीं है. परिवार अब आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहा है.
बहन बोली- पहले भी देता था जान से मारने की धमकी
मृतका की बहन हसीन जहां ने बताया कि घटना से पहले नसरीन उसके पास आई थी. उसके चेहरे पर चोट लगी थी. पूछने पर उसने मारपीट की बात छिपा ली और कहा कि 'आदत वाले की आदत नहीं जाती.' इसके बाद पति ने उसे घर भेज दिया और कहा कि वह उसे सरप्राइज देगा. अगले दिन सुबह फोन आया कि नसरीन की मौत हो गई है. बहन का आरोप है कि आरोपी पहले भी नसरीन को प्रताड़ित करता था. करीब एक साल पहले वह दूसरी महिला को घर लेकर आया था. आरोप है कि महिला को दिन में संदूक में छिपाकर रखता और रात में बाहर निकालता था. नसरीन को धमकी दी गई थी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे गड्ढा खोदकर दबा देगा. इस मामले में आरोपी जेल भी गया था. हसीन जहां का आरोप है कि आरोपी अक्सर नसरीन से कहता था कि वह उसे आज या कल जरूर मार देगा. उन्होंने कहा कि नसरीन की जिस तरह हत्या की गई, उसे देखकर परिवार सदमे में है. परिजन आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह ने बताया कि बिलासपुर थाने में मृतका के चाचा की तहरीर पर पति और ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. विवेचना के दौरान आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी से परेशान था और उसने इलेक्ट्रिक शॉक देकर उसकी हत्या की. पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया है. हालांकि मामले की विवेचना अभी शुरुआती स्तर पर है और जांच पूरी होने के बाद हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी.
पोस्टमार्टम में छह जगह बर्न इंजरी
एएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर छह जगह चोटें मिली हैं. इनमें मल्टीपल बर्न इंजरी शामिल हैं, जो इलेक्ट्रिक शॉक से हुई हैं. रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट पर भी इलेक्ट्रिक शॉक दिए जाने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की गहन विवेचना जारी है.
ये भी पढ़ें: