Advertisement

रात में पति से हुआ विवाद, कुछ घंटे बाद घर में मिली महिला की लाश, बाहर से बंद था कमरा, गले पर चोट के निशान, पति फरार

शिवानी चार बहनों में सबसे बड़ी थी. उसके पिता संतराम वंशकार फलों की फेरी लगाते हैं, जबकि मां दिल्ली में घरों में काम करती हैं. उसकी दो छोटी बहनों प्रीति और नेहा की शादी हो चुकी है. 18 वर्षीय मुस्कान के अलावा परिवार में 17 वर्षीय भाई अनिकेत और 14 वर्षीय कपिल हैं.

Jhansi Woman Found Dead
अजय झा
  • झांसी,
  • 01 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:40 PM IST

उत्तरप्रदेश के झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार सुबह 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला का शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला. मृतका की पहचान मध्यप्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ निवासी सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है. शिवानी की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले यश ठाकुर के साथ हुई थी, उसने लव मैरिज की थी.

परिवार का आरोप है कि रविवार रात शिवानी का उसके पति यश ठाकुर से लड़ाई हुई थी. लड़ाई के बाद रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपनी साली से बैग और सामान लिया और कथित तौर पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर वहां से चला गया. सुबह काफी देर तक कमरे से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद भाई अनिकेत ने दरवाजा खोला तो शिवानी बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी. परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, महिला के गले पर चोट का निशान दिखाई दिया है.

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
शिवानी चार बहनों में सबसे बड़ी थी. उसके पिता संतराम वंशकार फलों की फेरी लगाते हैं, जबकि मां दिल्ली में घरों में काम करती हैं. उसकी दो छोटी बहनों प्रीति और नेहा की शादी हो चुकी है. 18 वर्षीय मुस्कान के अलावा परिवार में 17 वर्षीय भाई अनिकेत और 14 वर्षीय कपिल हैं.

मृतका की बहन मुस्कान के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए शिवानी की दोस्ती ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय यश ठाकुर से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गए. यश कपड़ों की दुकान पर काम करता था. दोनों ने जब परिवार को अपने रिश्ते के बारे में बताया तो परिजनों ने शादी के लिए सहमति दे दी. करीब डेढ़ साल पहले दोनों की शादी हो गई.

शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी. परिवार का आरोप है कि कुछ समय बाद छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा और यश द्वारा शिवानी के साथ मारपीट भी की जाती थी. परेशान होकर शिवानी झांसी के आवास विकास में फौजी तिराहा के पास किराए के कमरे में रहने लगी. उसके साथ बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी रहते थे.

राखी के बाद ग्वालियर से लौटी थी शिवानी
परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन से एक दिन पहले शिवानी अपने छोटे भाई कपिल को लेकर ग्वालियर गई थी. वहां दो दिन रुकने के बाद वह पति यश के साथ झांसी वापस लौटी थी. कपिल इसके बाद अपने गांव चला गया था. परिवार के मुताबिक, झांसी आने के बाद भी यश का शिवानी के पास आना-जाना बना हुआ था.

रविवार रात पति-पत्नी में हुआ विवाद
मुस्कान ने पुलिस और परिजनों को बताया कि रविवार रात शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. आरोप है कि इस दौरान यश परिवार के लोगों के बारे में अपशब्द कह रहा था और उसने शिवानी से आपत्तिजनक बातें भी कहीं. विवाद बढ़ने पर पास में रहने वाले मामा संतोष ने दोनों को समझाया और मामला शांत कराया. इसके बाद शिवानी का भाई अनिकेत मामा के घर चला गया. कुछ देर बाद घर का माहौल सामान्य हो गया. मुस्कान अपने कमरे में सो गई, जबकि शिवानी और यश दूसरे कमरे में चले गए.

रात में बैग मांगा और बाहर से लगा दी कुंडी
मुस्कान के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग और उसमें रखा सामान मांगा. उसने बैग यश को दे दिया. आरोप है कि सामान लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी. सुबह करीब 5 बजे मुस्कान को बाथरूम जाना था. उसने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था. उसने करीब आधे घंटे तक आवाज लगाकर शिवानी और यश को बुलाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. दोनों के मोबाइल फोन भी बंद बताए गए. कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मुस्कान वापस सो गई.

सुबह भाई ने खोला दरवाजा, बिस्तर पर पड़ी थी शिवानी
सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा. कमरे के बाहर कुंडी लगी देखकर उसने दरवाजा खोला. अंदर शिवानी बिस्तर पर पड़ी थी. अनिकेत के मुताबिक, काफी आवाज देने के बाद भी जब शिवानी नहीं उठी तो उसने उसे उठाने की कोशिश की. उसके हाथ अकड़े हुए थे और मुंह से खून निकला हुआ दिखाई दिया. इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया. परिजन तत्काल शिवानी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बहन मुस्कान ने बताया पूरा घटनाक्रम
मृतका की बहन मुस्कान ने बताया कि रात में जीजा यश ने बैग मांगा था और बैग देने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी थी. सुबह उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. मुस्कान का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद रहता था और मारपीट की घटनाएं भी होती थीं. मुस्कान ने पति पर अपनी बहन की मौत को लेकर गंभीर संदेह जताया है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

गले पर चोट का निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि महिला के गले पर चोट का निशान नजर आया है. इसके अलावा शरीर पर अन्य जगह कोई स्पष्ट चोट नहीं दिखाई दी है. महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. सीओ के मुताबिक, महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था और पति फिलहाल फरार है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगाई गई हैं. मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.

पुलिस जांच के बाद खुलेगा मौत का राज
शिवानी की मौत के बाद परिवार की ओर से पति पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन फिलहाल पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस कमरे की परिस्थितियों, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

ये भी पढ़ें: 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement