कई शहरों में रसोई गैस (LPG) की सप्लाई में रुकावट की खबरों के बीच अब लोग गैस का इस्तेमाल सोच-समझकर करने लगे हैं. गैस की बचत करना सिर्फ संकट के समय ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी फायदेमंद है. इससे जहां घरेलू खर्च कम होता है, वहीं खाना पकाने की प्रक्रिया भी ज्यादा ऊर्जा-कुशल बनती है. रसोई में सिर्फ तीन आदतें प्रेशर कुकर का इस्तेमाल, अनाज-दाल को पहले भिगोना और खाना बनाते समय ढक्कन लगाना अपनाकर गैस की खपत करीब 30 प्रतिशत तक कम की जा सकती है. तो आइए जानते हैं ऐसे 6 आसान तरीके, जिनसे आप गैस की बचत कर सकते हैं.
प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें
प्रेशर कुकर में खाना पकाना सबसे तेज और ईंधन बचाने वाला तरीका माना जाता है. इससे खाना बनाने का समय 30 से 70 प्रतिशत तक कम हो जाता है. खासकर दाल, राजमा, चना, आलू और मांस जैसी चीजें प्रेशर कुकर में जल्दी पकती हैं.
दाल, बीन्स और चावल को पहले भिगोएं
खाना बनाने से पहले दाल, चना या चावल को भिगो देने से वे जल्दी पकते हैं.
राजमा या चना: 8–10 घंटे
दाल: 30–60 मिनट
चावल: 20–30 मिनट
सही बर्नर का करें इस्तेमाल
अधिकतर गैस चूल्हों में छोटे और बड़े बर्नर होते हैं.
छोटा बर्नर: चाय, तड़का या खाना गर्म करने के लिए
बड़ा बर्नर: पानी उबालने या प्रेशर कुकर के लिए
छोटे बर्तन के लिए बड़ा बर्नर इस्तेमाल करने से गैस ज्यादा खर्च होती है.
खाना हमेशा ढक्कन लगाकर पकाएं
बर्तन को ढक्कन से ढककर खाना बनाने से गर्मी बाहर नहीं निकलती. इससे खाना जल्दी पकता है और गैस की खपत 20 से 25 प्रतिशत तक कम हो सकती है.
सब्जियों को छोटे टुकड़ों में काटें
छोटे टुकड़ों में कटी सब्जियां जल्दी पकती हैं क्योंकि उनमें गर्मी जल्दी पहुंचती है. उदाहरण के तौर पर, बड़े टुकड़ों की तुलना में छोटे कटे आलू जल्दी पक जाते हैं.
स्मार्ट तरीके से करें कुकिंग
कुछ छोटी आदतें गैस की खपत कम कर सकती हैं. जैसे पानी उबालने के लिए इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल करना या एक बार में ज्यादा मात्रा में दाल-चावल बनाकर उसे 2-3 बार के लिए इस्तेमाल करना. इन आसान किचन टिप्स को अपनाकर न सिर्फ गैस की बचत की जा सकती है, बल्कि घरेलू खर्च भी कम किया जा सकता है. साथ ही यह आदतें लंबे समय में ऊर्जा संरक्षण में भी मददगार साबित होती हैं.
ये भी पढ़ें: