होम गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है. ज्यादातर लोग गमले में फूल लगाते हैं. लोग अपराजिता का फूल भी लगाते हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनके पौधों में फूल नहीं लगते हैं. कई बार तो पत्तियां पीली होकर झड़ने लगती हैं. चलिए आपको इस समस्या के समाधान का तरीका बताते हैं.
25-30 दिन में पिंचिंग करना जरूरी-
अपराजिता के फूल का इस्तेमाल पूजा-पाठ में किया जाता है. इसके साथ ही ये सुंदरता बढ़ाने का भी काम करते हैं. इस पौधे को लगाने के 25-30 दिन बाद उसकी समय-समय पर पिंचिंग करना जरूरी है. यानी ऊपरी नई बढ़त को हल्का तोड़ देना चाहिए, जिससे साइड ब्रांच निकलें और पौधा घना हो जाए. इससे फूलों की संख्या भी बढ़ती है.
क्यों पीली पड़ती हैं पत्तियां?
पत्तियां पीली पड़ने का मुख्य कारण पानी की कमी या जड़ों को नुकसान होना है. मिट्टी में अचानक नमी कम होने से नीचे की पत्तियां पीली होकर झड़ने लगती हैं. साथ ही गमले में उगने वाली घास, सूखी पत्तियां और कीड़ों को समय-समय पर हटाना चाहिए. खासकर घोंघे जड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए सुबह के समय गमले की जांच जरूरी है.
अपराजिता के पौधे की न करें गुड़ाई-
अपराजिता की गुड़ाई नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इसकी जड़ें ऊपर की ओर फैलती हैं और कटने पर पौधा झटका खा सकता है. हर 15-20 दिन में 1-2 इंच नई मिट्टी की परत डालकर जड़ों को ढक देना चाहिए.
कैसे तैयार करें मिट्टी?
गमले में लगाने के लिए 30 फीसदी नदी की रेत, 30 फीसदी वर्मी कंपोस्ट और 40 फीसदी सामान्य मिट्टी मिलाकर मिश्रण तैयार करना चाहिए. बीज से पौधा मार्च से अगस्त-सितंबर तक आसानी से तैयार किया जा सकता है. पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां दिन भर सीधी धूप मिले, क्योंकि कम धूप में पौधा ज्यादा बेल की तरह बढ़ता है, लेकिन फूल कम लगते हैं.
फूलों की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक नाइट्रोजन वाली खाद, जैसे गोबर या यूरिया, का अधिक प्रयोग नहीं करना चाहिए. इससे पत्तियां तो बढ़ती हैं, लेकिन फूल कम आते हैं.
पौधे को मजबूती देता है ये खास घोल-
घर पर तैयार ऑर्गेनिक खाद भी बेहद आसान है. इसके लिए 4-6 आलू के छिलके या एक पूरा आलू पीसकर उसका घोल 1 लीटर पानी में मिलाएं. इसमें 2-3 चम्मच पीली सरसों का पाउडर डालकर एक रात के लिए छोड़ दें. अगले दिन इस घोल को पौधे की मिट्टी में डालें. इससे पौधे को पोषण मिलेगा और फूलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी.
ये भी पढ़ें: