Benefits of Fenugreek Water for Hair Growth: आजकल कम उम्र में ही बालों का झड़ना, पतला होना और रूखा होना आम समस्या बनती जा रही है. खराब खान-पान, तनाव, नींद की कमी और अनहेल्दी लाइफस्टाइल का असर बालों की सेहत पर भी पड़ता है. हालांकि, बालों की बेहतर देखभाल के लिए डाइट और लाइफस्टाइल सुधारने के साथ कुछ प्राकृतिक चीजों को भी रूटीन में शामिल किया जा सकता है. मेथी दाना इन्हीं में से एक है. कम उम्र में हेयर फॉल और बालों के कमजोर होने की समस्या से परेशान हैं तो मेथी दाना आपके काम आ सकता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व बालों और स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं.
मेथी में छिपे हैं बालों के लिए कई फायदे
आपको मालूम हो कि मेथी दानों में प्रोटीन और अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो बालों की संरचना के लिए जरूरी पोषक तत्व हैं. इसके अलावा मेथी में म्यूसिलेज नाम का जेल जैसा फाइबर भी होता है, जो बालों और स्कैल्प में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है. इससे रूखेपन और बालों के टूटने की समस्या में राहत मिल सकती है. मेथी का पेस्ट बालों पर लगाने से एक कंडीशनिंग लेयर बन सकती है, जिससे बाल मुलायम और आसानी से मैनेज होने वाले महसूस होते हैं. मेथी पानी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी स्कैल्प की देखभाल में मदद कर सकते हैं.
ऐसे तैयार करें मेथी का पानी और मेथी के दानों से हेयर पैक
मेथी का पानी बनाने के लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच मेथी दाना रातभर भिगोकर रखें. सुबह इसे करीब पांच मिनट तक उबालें. पानी जब हल्का ठंडा हो जाए तो इसे छान लें. पानी छानने के बाद बचे हुए मेथी दानों को हल्का पीसकर पेस्ट तैयार किया जा सकता है. इस पेस्ट को स्कैल्प और बालों पर लगाएं और करीब 20-30 मिनट बाद पानी या माइल्ड शैंपू से धो लें. संवेदनशील स्कैल्प होने पर पहले थोड़े हिस्से पर पैच टेस्ट करना बेहतर है. आपको मालूम हो कि मेथी का पानी सभी तरह के बालों के लिए नेचुरल कंडीशनर का काम करता है. यह रूखे और बेजान बालों को मुलायम व चमकदार बनाता है. इसे शैंपू के बाद, स्प्रे के रूप में या आंवले के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.
सिर्फ मेथी नहीं, डाइट पर भी दें ध्यान
बालों को मजबूत और हेल्दी रखने के लिए सिर्फ घरेलू नुस्खे पर निर्भर रहना सही नहीं है. डाइट में पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, विटामिन और अन्य जरूरी पोषक तत्व शामिल करें. इसके साथ ही पर्याप्त नींद लें और तनाव को कम करने की कोशिश करें.
इन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी
आपको मालूम हो कि मेथी का अधिक सेवन करने से ब्लड शुगर कम हो सकता है. ऐसे में डायबिटीज की दवा लेने वाले लोगों या नियमित रूप से कोई अन्य दवा लेने वालों को मेथी का पानी पीने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए. यदि बाल लगातार बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, अचानक पतले हो रहे हैं या स्कैल्प में कोई समस्या है तो इसके पीछे किसी स्वास्थ्य संबंधी कारण की जांच के लिए विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है.