Advertisement

Young Man Married Transgender: युवक ने किन्नर से रचाई शादी... मंदिर में लिए सात फेरे... समाज के सामने पेश की अनूठी मिसाल

राजस्थान के बारां जिले के शाहाबाद में मध्य प्रदेश के युवक सागर राजपूत और किन्नर सोनू उर्फ रेशमा ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया. दोनों पिछले एक वर्ष से साथ थे. इस शादी को सामाजिक समानता और प्रेम का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है.

Young Man Married Transgender
राम प्रसाद मेहता
  • बारां ,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:19 AM IST

समाज की पुरानी रूढ़िवादी सोच को बदलते हुए मध्य प्रदेश के एक युवक और राजस्थान की एक किन्नर ने विवाह के पावन बंधन में बंधकर एक अनूठी मिसाल कायम की है. यह अनोखी शादी इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

जीवनभर साथ निभाने का किया फैसला 
बारां जिले के शाहाबाद उपखंड के देवरी निवासी किन्नर सोनू उर्फ रेशमा और मध्य प्रदेश के गुना जिले के कोलीपुरा निवासी सागर राजपूत पिछले एक वर्ष से साथ रह रहे थे. इस दौरान दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी बने और दोनों में प्यार हो गया. जब सागर ने रेशमा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, तो शुरुआत में रेशमा सामाजिक बंधनों और लोगों की सोच को लेकर थोड़ा झिझकीं, लेकिन आखिरकार दोनों ने समाज की परवाह किए बिना जीवनभर साथ निभाने का फैसला किया.

सागर और रेशमा ने अग्नि के सामने लिए सात फेरे
दोनों ने आपसी सहमति से शाहाबाद कस्बे के एक मंदिर प्रांगण में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह किया. पंडित लखन लाल शर्मा ने वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी करवाईं. सागर और रेशमा ने अग्नि के सामने सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया. इस अनोखे और भावुक पल के गवाह किन्नर रेशमा के परिजन और उनके कुछ खास मित्र बने, जिन्होंने नवदम्पति को आशीर्वाद दिया.

शादी के बाद रेशमा ने जाहिर की खुशी 
शादी के बाद किन्नर रेशमा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सागर ने उनसे शादी करके समाज को एक बहुत बड़ा और सकारात्मक संदेश दिया है. उन्होंने साबित किया है कि पुरानी और रूढ़िवादी सोच से ऊपर उठकर किन्नरों को भी समाज में बराबरी का हक और एक गरिमापूर्ण जीवन दिया जा सकता है.

चर्चा का विषय बनी हुई है यह शादी
यह विवाह शाहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे सामाजिक सोच में बदलाव की दिशा में एक अलग पहल के रूप में देख रहे हैं. इस शादी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि आपसी सम्मान, विश्वास और सहमति किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत नींव होती है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement