Advertisement

Poha Recipe: नाश्ते में पोहा तो आपने बहुत खाया होगा... लेकिन इस तरह से नहीं बनाया होगा, घर पर एकबार जरूर बनाकर देखें खिला-खिला और स्वादिष्ट पोहा, हम बता रहे हैं आपको रेसिपी

Breakfast Special, Poha Recipe: नाश्ते में पोहा खाना अधिकांश लोग पसंद करते हैं. इसको बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती और यह झटपट बनकर तैयार हो जाता है. पोहा खाने में हेल्दी भी होता है. हम आपको पोहा बनाने की सबसे आसान विधि बता रहे हैं. 

How to Make Poha
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 09 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:56 AM IST

How to Make Poha: यदि आपका सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा बनाने का मन हो जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ जल्दी तैयार भी हो जाए तो पोहा एक बेहतरीन विकल्प है. पोहा बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और इसे बहुत कम समय में तैयार किया जा सकता है. घर में उपलब्ध सामान्य मसालों और सब्जियों से तैयार होने वाला पोहा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. पोहा हेल्दी भी होता है.

पोहा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • एक बड़ा कटोरी पोहा (मोटा)
  • एक छोटी कटोरी हरी मटर
  • एक प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • दो-तीन हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)  
  • एक टमाटर (बारीक कटा हुआ)   
  • आधा छोटा चम्मच राई
  • थोड़ी सी मूंगफली
  • एक छोटा चम्मच हल्दी
  • आधा चम्मच जीरा
  • हरा धनिया 
  • एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • कुछ करी पत्ते
  • एक चुटकी चीनी 
  • एक से दो चम्मच नींबू का रस 
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल जरूरत के अनुसार    

ऐसे सबसे पहले पोहा करें तैयार
पोहा बनाने से पहले इसे अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद पोहे को छलनी में डालकर हल्के पानी से धो लें. ध्यान रखें कि पोहे को ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर न रखें, वरना वह बहुत नरम होकर चिपचिपा हो सकता है. धोने के बाद पोहे को कुछ मिनट के लिए छलनी में ही छोड़ दें, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए. अब इसमें हल्दी, थोड़ा नमक और एक चुटकी चीनी डालकर हल्के हाथ से मिला दें.

इस तरह तैयार करें पोहा के लिए तड़का
इतना सब करने के बाद अब कड़ाही को गैस जलाकर उस पर रखें और उसमें थोड़ा तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर राई और जीरा डालें. इसके बाद करी पत्ते, बारीक कटी हरी मिर्च और मूंगफली और मटर डालकर कुछ देर भूनें. मूंगफली हल्की सुनहरी होने लगे तो इसमें बारीक कटा प्याज डालें. प्याज को तब तक भूनें, जब तक वह हल्का सुनहरा न हो जाए.

अब पोहा डालकर पकाएं
प्याज भुन जाने के बाद तैयार किया हुआ पोहा कड़ाही में डालें. सभी सामग्री को धीरे-धीरे मिलाएं, ताकि पोहा टूटे नहीं. अब इसे मध्यम आंच पर करीब दो से तीन मिनट तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और ऊपर से नींबू का रस तथा बारीक कटा हरा धनिया डालें.

स्वाद बढ़ाने के लिए इन चीजों को भी डाल सकते हैं 
पोहा को और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें बारीक कटी गाजर, मटर, शिमला मिर्च या उबले हुए आलू भी डाले जा सकते हैं. कुछ लोग ऊपर से सेव, अनार के दाने या अतिरिक्त मूंगफली डालकर भी पोहा खाना पसंद करते हैं. हालांकि घर जैसा पोहा बनाने के लिए प्याज, मूंगफली और हल्का तड़का ही पर्याप्त होता है. इस तरह करीब 10 से 15 मिनट में स्वादिष्ट और गरमा-गरम पोहा तैयार हो जाता है. 


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement