Green Chillies and Coriander Store Tips
Green Chillies and Coriander Store Tips
हरी मिर्च और हरा धनिया किसी भी खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं. ऐसे में रसोई लगभग हर दिन हरा धनिया और हरी मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है. कई लोगों की शिकायत हरा धनिया और हरी मिर्च को जल्दी मुरझाने, सूखने, सड़ने-गलने या खराब होने की होती है.हरा धनिया को लोग फ्रिज में रखते हैं फिर भी यह पीला पड़ जाता है. फ्रिज में हरी मिर्ची भी सड़ने लगती है. यदि आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो आपको अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. हम आपको कुछ आसान ट्रिक्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप धनिया और हरी मिर्च को एक महीने तक ताजा रख सकते हैं.
ऐसे धनिया को करें स्टोर
1. यदि आप बाजार से हरा धनिया खरीदकर घर लाए हैं तो उसे उसी प्लास्टिक बैग में फ्रिज में न रखें. ऐसा करने से प्लास्टिक बैग के अंदर नमी जमा होने लगती है और कुछ ही दिनों में धनिया की हरी पत्तियां गलने लगती हैं. ऐसे में धनिया को हल्का सुखाकर एयरटाइट कंटेनर में रखें. आप धनिया को पंखे के नीचे किसी सूती कपड़े या पेपर टॉवल पर फैला कर सारा अतिरिक्त पानी सूखा सकते हैं.
2. कंटेनर के नीचे एक सूखा पेपर टॉवल बिछा दें. यह अतिरिक्त नमी को सोख लेगा. अब हरा धनिया को एक परत में रखें और कंटेनर बंद करके फ्रिज में रख दें. ऐसा करने से हरा धनिया बहुत दिनों तक हरा और ताजा बना रह सकता है.
3. हरा धनिया की डंठल का निचला हिस्सा थोड़ा सा काटकर उसे पानी भरे कांच के गिलास में रखें और ऊपर से प्लास्टिक बैग ढक दें. ऐसा करने से डंठल को नमी मिलती रहती है और धनिया की पत्तियां लंबे समय तक ताजी बनी रहती हैं. ध्यान रखें हर दो-तीन दिन में पानी बदलना जरूरी होता है.
4. हरा धनिया को आप कपड़े या अखबार में लपेटकर रख सकते हैं. इससे भी यह लंबे समय तक सूखता नहीं है.
हरी मिर्च को ऐसे करें स्टोर
1. हरी मिर्च को बाजार से खरीदकर घर लाने के बाद उसे तुरंत धोकर स्टोर नहीं करना चाहिए. ऐसा करने से यह जल्दी गलने लगती हैं. यदि मिर्च गंदी है और आप उसे धोना चाहते हैं तो जब वह पूरी तरह सूख जाए उसके बाद ही फ्रिज में रखें.
2. हरी मिर्च को अधिक दिनों तक ताजा रखने के लिए उसकी डंठल निकाल दें. इसके बाद हल्दी मिले पानी से मिर्च को धोकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. अब सूती कपड़े से मिर्च को पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि उस पर बिल्कुल भी नमी न रहे.
3. अब इस हरी मिर्च को जिप-लॉक बैग में रखें और उसमें छिली हुई लहसुन की दो या तीन कलियां डाल दें. फिर बैग को बंद करके फ्रिज में रख दें. ऐसा करने से हरी मिर्च जल्दी नहीं सूखती है.
4. एयरटाइट कंटेनर की जगह हल्का खुला डिब्बा या पेपर बैग हरी मिर्च को स्टोर करने के लिए बेहतर माना जाता है. हरी मिर्च को टिश्यू पेपर या न्यूजपेपर में लपेटकर रखने से एक्स्ट्रा नमी सोखने में मदद मिलती है.
5. हरी मिर्च को हमेशा फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में स्टोर करें. आपको मालूम हो कि ज्यादा ठंडी जगह पर रखने से मिर्च खराब हो सकती है. मिर्च को प्याज या ज्यादा नमी छोड़ने वाली सब्जियों के साथ स्टोर न करें. इससे यह जल्दी खराब हो सकती है.
6. यदि हरी मिर्च हल्की नरम होने लगे तो ठंडे पानी में कुछ मिनट रखने से थोड़ी फ्रेशनेस वापस आ सकती है. धूप या गर्म जगह पर रखने से हरी मिर्च जल्दी सूख सकती है, इसलिए इस हमेशा ठंडी जगह पर रखें.