छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसके पति को हर पांच साल में पत्नी बदलने की आदत है और अब वह चौथी शादी की तैयारी में जुटा हुआ है. पीड़िता ने अब अपनी शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में दर्ज कराई है.
बिना तलाक लिए हर बार कर लेता है शादी- पत्नी
पत्नी श्वेता ( बदला हुआ नाम) के अनुसार उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने की कोशिश कर रहा है. पीड़िता ने आयोग के सामने बताया कि पति पहले भी तीन शादियां कर चुका है और हर बार लगभग पांच साल बाद अपनी वाइफ बदल देता है. अब जबकि उनका विवाह कानूनी रूप से खत्म नहीं हुआ है, इसके बावजूद वह चौथी शादी की प्लानिंग कर रहा है. महिला ने आरोप लगाया कि पति की इस हरकत से उसका जीवन संकट में पड़ गया है और वह मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ित हो रही है.
आशिक मिजाज और बेहद निडर हो गया है मेरा पति
जनसुनवाई के दौरान पत्नी श्वेता (बदला हुआ नाम) ने अपनी पूरी आपबीती आयोग के सामने रखी. उसने बताया कि पति के खिलाफ पहले से ही कई कानूनी मामले अलग-अलग अदालतों में लंबित हैं, लेकिन अभी तक शादी तोड़ने की डिक्री पारित नहीं हुई है. इसके बावजूद पति द्वारा दोबारा विवाह की तैयारी करना कानून का उल्लंघन है.
राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. आयोग ने साफ किया कि यदि पति विवाह विच्छेद के बिना दूसरी शादी करने का प्रयास करता है, तो यह पूरी तरह अवैध होगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. इस दौरान राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट कर दिया कि मामले की गंभीरता को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने क्या कहा
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आयोग ने इसे गंभीरता से लिया है. उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी और संबंधित पुलिस व संरक्षण अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार से अवैध विवाह की स्थिति बनने पर तत्काल हस्तक्षेप किया जा सके.
-मनीष शरन