गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाना सभी को पसंद होता है. खासकर बच्चों के लिए यह उनकी सबसे फेवरेट चीजों में से एक होती है, जिसे वे लगभग रोज खाने की डिमांड करते हैं. ऐसे में बार-बार बाजार से आइसक्रीम खरीदने की बजाय घर पर ही इसे बनाना एक बेहतर और ऑप्शन होता है. अच्छी बात यह है कि अब आइसक्रीम बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत या महंगे इंग्रीडिएंट्स की जरूरत नहीं है, बल्कि केवल चॉकलेट बिस्किट से भी आप बेहद क्रीमी और टेस्टी आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं.
किन चीज़ों की पड़ेगी जरूरत
घर पर चॉकलेट आइसक्रीम बनाने के लिए आप कोई भी चॉकलेट बिस्किट ले सकते हैं. अगर छोटा पैकेट ले रहे हैं तो दो पैकेट काफी होंगे. इसके साथ लगभग ढाई कप फुल क्रीम दूध, स्वादानुसार चीनी और आधा कप ताजी मलाई लें. अगर आप चाहें तो स्वाद और टेक्सचर बढ़ाने के लिए चोको चिप्स और कुकीज के टुकड़े भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
बिस्किट से तैयार करें बेस
आइसक्रीम बनाने की शुरुआत बिस्किट को मिक्सर में पीसने से करें. इसमें थोड़ा सा दूध डालकर इसे स्मूद पेस्ट बना लें. यह पेस्ट आपकी आइसक्रीम का बेस तैयार करता है, जिससे इसे खास चॉकलेटी फ्लेवर मिलता है.
दूध और बिस्किट का परफेक्ट मिक्सचर
अब एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें उबाल आने पर बिस्किट का पेस्ट मिला दें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि कोई गुठली न बने. जरूरत के अनुसार इसमें थोड़ी चीनी डालें, क्योंकि बिस्किट में पहले से ही मिठास होती है. इस मिक्सचर को तब तक पकाएं जब तक यह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.
ठंडा कर ब्लेंड करें क्रीमी टेक्सचर
जब मिक्सचर ठंडा हो जाए, तो इसे दोबारा मिक्सर में डालें और इसमें ताजी मलाई मिलाकर अच्छे से ब्लेंड करें. इससे आइसक्रीम का टेक्सचर बेहद क्रीमी और स्मूद बनता है.
अब तैयार घोल को एक कंटेनर में डालें और ऊपर से चोको चिप्स मिलाएं. इसे 2-3 घंटे के लिए फ्रीजर में रखें. इसके बाद इसे निकालकर दोबारा ब्लेंड करें और फिर से कंटेनर में डालकर कुकीज के टुकड़े मिलाएं. अब इसे 5-6 घंटे के लिए जमने दें. इसके बाद आपकी घर पर बनी क्रीमी और टेस्टी चॉकलेट आइसक्रीम तैयार हो जाएगी, जो स्वाद में बिल्कुल बाजार जैसी लगेगी और हर किसी को पसंद आएगी.