घर में पानी की टंकी से लीकेज होना एक आम परेशानी है, लेकिन कई लोग इसे बड़ी दिक्कत मान लेते हैं. अक्सर छोटी-सी खराबी के लिए भी प्लंबर को बुलाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है. जबकि सच यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप खुद ही इस समस्या को मिनटों में ठीक कर सकते हैं. थोड़ी-सी समझदारी और सही तरीका अपनाने से पानी की टंकी की लीकेज को बिना किसी एक्सपर्ट की मदद के रोका जा सकता है.
कई बार होता है कि पानी की टंकी में पानी बहुत जल्दी खत्म हो जाता है. इसकी एक बड़ी वजह होती है पानी की टंकी का चटका या कहीं कोई क्रैक या किसी जगह से लीकेज. ऐसे में जरूरी होता है कि सबसे पहले तो उस जगह का पता लगाया जाएं, जहां से पानी लीक कर रहा है. उसके बाद जगह के अनुसार लीकेज का उपाय किया जाए.
ज्वाइंट की लीकेज कैसे करें बंद
अगर घर की पानी की टंकी के पाइप के पास से लीकेज हो रही है, तो आपको सबसे पहले टंकी खाली करनी पड़ेगी. इसका कारण है कि इस जगह की लीकेज को बंद करने के लिए उस जगह का सूखा होना जरूरी है. यहां क्योंकि लीकेज पाइप की वजह से है तो आप पाइप की चूड़ियों पर धागा लपेटें और ऊपर से सफेद टेप लगाएं. फिर पाइप को अच्छी तरह टाइट कर दें. इससे जॉइंट से होने वाली लीकेज बंद हो जाती है.
एपॉक्सी पुट्टी का करें इस्तेमाल
अगर टंकी में छेद हो गया है या किसी जगह से चटक गई है. तो जिस जगह छेद/चटकी है वहां तक खाली करके सुखा लें. इस तरह की परेशानी को दूर करने के लिए एपॉक्सी पुट्टी काफी कारगर साबित होती है. इसे पानी के साथ मिलाकर पेस्ट तैयार करें और लीकेज वाली जगह पर लगा दें. करीब 30 मिनट बाद यह पूरी तरह सेट हो जाती है और पानी का रिसाव बंद हो जाता है.
वाटरप्रूफ टेप और व्हाइट सीमेंट का इस्तेमाल
छोटे-मोटे लीकेज को रोकने के लिए वाटरप्रूफ टेप या व्हाइट सीमेंट का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. लीकेज वाली जगह को पहले अच्छी तरह सुखाएं और फिर उस पर टेप या सीमेंट लगाकर कवर कर दें. यह तरीका आसान होने के साथ-साथ काफी असरदार भी माना जाता है. हालांकि इसमें बेहतर होगा कि पहले जगह को अच्छी तरह सुखा लें. ताकि रिसाव को अच्छी तरह बंद किया जा सके.