गर्मियों का मौसम आते ही ठंडी और ताज़गी भरी चीज़ों की क्रेविंग अपने आप बढ़ जाती है. ऐसे में लस्सी एक ऐसी ड्रिंक है जो न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है बल्कि स्वाद में भी कमाल होती है. अगर आप रोज़ की सादी दही लस्सी से थोड़ा बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया और हेल्दी ट्राई कीजिए, केले की लस्सी. यह न सिर्फ टेस्टी होती है बल्कि पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती है. यहां हम आपको बनाना की दो अलग-अलग और आसान रेसिपी बता रहे हैं.
स्वाद और सेहत का परफेक्ट मेल
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले एक पका हुआ केला लें और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक मिक्सर जार में केला, एक कप ठंडा दही और आधा कप दूध डालें. इसमें स्वादानुसार चीनी या शहद मिलाएं और चाहें तो इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं, जिससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.
सभी चीजों को 1–2 मिनट तक अच्छे से ब्लेंड करें, जब तक स्मूद टेक्सचर न मिल जाए. इसके बाद बर्फ के टुकड़े डालकर एक बार फिर ब्लेंड करें. तैयार लस्सी को गिलास में निकालें और ऊपर से कटे हुए काजू-बादाम से गार्निश करके ठंडी-ठंडी सर्व करें. अगर आप लस्सी को ज्यादा गाढ़ा पसंद करते हैं, तो दूध की मात्रा कम रखें.
रिच और फ्रूटी बनाना लस्सी
अगर आप थोड़ा रिच और फ्रूट-लोडेड स्वाद चाहते हैं, तो यह दूसरी रेसिपी आपके लिए है. इसके लिए एक गहरे बर्तन में एक कप गाढ़ा ठंडा दही और पांच टेबलस्पून चीनी डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें. अब इसमें एक कप ठंडा दूध मिलाएं. इसके बाद कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश, नारियल (गोला), अंगूर और केले के छोटे टुकड़े डालें. ऊपर से एक टीस्पून इलायची पाउडर डालकर सभी चीजों को हल्के हाथ से मिक्स करें. तैयार मिक्सचर को गिलास में निकालें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स व अंगूर से सजाकर सर्व करें.
परफेक्ट लस्सी के लिए कुछ टिप्स
लस्सी का असली मज़ा तभी आता है जब वह अच्छी तरह ठंडी हो, इसलिए दही को पहले से फ्रिज में रखें. मीठास अपने स्वाद के अनुसार एडजस्ट करें और अगर आप हेल्दी ऑप्शन चाहते हैं, तो चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल करें. इन दोनों आसान रेसिपी के साथ इस गर्मी में खुद को ठंडक और स्वाद का डबल डोज़ जरूर दें.