रमजान के पूरे महीने रोज़ा रखने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार बेहद खुशी, अपनापन और स्वादिष्ट पकवानों के साथ मनाया जाता है. यह दिन अल्लाह का शुक्र अदा करने और अपने परिवार व दोस्तों के साथ खुशियां बांटने का होता है. इस खास मौके पर घरों को सजाया जाता है और तरह-तरह के लजीज़ डिश बनाई जाती हैं. जिनमें मीठे पकवानों की खास जगह होती है. इन्हीं मिठाइयों में से एक बेहद फेमस डिश है शाही टुकड़ा, जो अपने रिच स्वाद के लिए जानी जाती है.
ईद के दिन मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है और परंपरा के अनुसार उन्हें सबसे पहले मीठा परोसा जाता है. ऐसे में शाही टुकड़ा कई घरों की पहली पसंद बन जाता है. हालांकि कुछ लोग इसे बाजार से खरीदना पसंद करते हैं, लेकिन आप चाहें तो इसे घर पर भी बहुत आसानी और कम समय में बना सकते हैं.
शाही टुकड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट मिठाई को बनाने के लिए आपको ब्रेड स्लाइस, दूध, चीनी, इलायची पाउडर, केसर, घी और ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, पिस्ता और काजू की जरूरत होती है. ये सभी सामग्री मिलकर इस डिश को एक रॉयल फ्लेवर देती हैं.
शाही टुकड़ा बनाने का तरीका
शाही टुकड़ा बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड स्लाइस के किनारों को हटाकर उन्हें तैयार कर लें. इसके बाद कड़ाही में घी गरम करके ब्रेड के टुकड़ों को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. दूसरी तरफ एक पैन में दूध को उबालकर उसे थोड़ा गाढ़ा होने दें, फिर इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर मिलाकर अच्छे से पकाएं, ताकि रबड़ी जैसा स्वाद आ जाए.
अब तले हुए ब्रेड स्लाइस को इस दूध वाले मिश्रण में हल्का सा डुबोकर एक प्लेट में सजाएं. ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता, काजू और अन्य ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे और भी आकर्षक बनाएं.
गरम या ठंडा, जैसे चाहें करें सर्व
तैयार शाही टुकड़ा आप तुरंत गरमागरम भी परोस सकते हैं या फिर कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा करके भी सर्व कर सकते हैं. दोनों ही तरीकों में इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है. इस ईद, अपने घर पर इस आसान रेसिपी के साथ शाही टुकड़ा बनाकर मेहमानों का दिल जीत सकते हैं.