Advertisement

खुद मांगकर खाता है, फिर भी भिक्षु को दिया दान, बोधगया के दिव्यांग भिखारी का वीडियो देख लोग बोले- दिल हो तो ऐसा!

खुद जरूरतमंद होने के बावजूद दूसरों की मदद करने का जज्बा हर किसी में नहीं होता. लेकिन भगवान बुद्ध की ज्ञान स्थली बोधगया में एक दिव्यांग भिखारी ने अपनी छोटी सी पहल से इंसानियत की बड़ी मिसाल पेश की है.

भिखारी ने बौद्ध भिक्षु को दिया दान
पंकज कुमार
  • गया ,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

कहते हैं कि किसी की मदद करने के लिए जेब में ढेर सारे पैसे होना जरूरी नहीं, बल्कि दिल में दूसरों के लिए जगह होनी चाहिए. बिहार के बोधगया से सामने आए एक वीडियो ने इस बात को सच साबित कर दिया है. यहां सड़क किनारे भीख मांगकर गुजारा करने वाले एक दिव्यांग व्यक्ति ने कुछ ऐसा किया कि लोग उसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. खुद जरूरतमंद होने के बावजूद उसने एक बौद्ध भिक्षु को दान देकर इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की है.

भिक्षु को देखकर जेब से निकाले पैसे और खाना
दरअसल, महाबोधि मंदिर के पास सड़क किनारे बैठा एक दिव्यांग भिखारी बौद्ध भिक्षुओं को अपनी ओर आते देख उन्हें रोकता है. इसके बाद वह अपनी जेब और कपड़ों के नीचे छिपाकर रखे कुछ सिक्के निकालता है और उन्हें दान पात्र में डाल देता है. इतना ही नहीं, वह अपने पास रखा खाना भी भिक्षुओं को दान कर देता है. इसके बाद वह एक भिक्षु के पैर छूकर सिर झुकाते हुए उनका अभिवादन करता है.

भिक्षु ने भी खाली हाथ नहीं लौटाया
दिव्यांग व्यक्ति की इस भावना को देखकर बौद्ध भिक्षु भी भावुक हो जाते हैं. वे उसे पानी की बोतल और बिस्कुट का पैकेट देते हैं. इसके बाद एक और बिस्कुट का पैकेट और कुछ रुपये देकर उसके सिर पर हाथ रखते हुए आशीर्वाद देते हैं. आसपास मौजूद अन्य भिक्षुओं के चेहरे पर भी मुस्कान दिखाई देती है.



वीडियो देखकर लोग कर रहे तारीफ
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग दिव्यांग व्यक्ति के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं. बोधगया की इस छोटी सी घटना ने एक बड़ा संदेश दिया है कि दूसरों की मदद करने के लिए अमीर होना जरूरी नहीं है. सच्ची इंसानियत वही है, जिसमें इंसान अपनी मुश्किलों के बीच भी दूसरों के बारे में सोच सके.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement