शाम के 4 से 6 बजे के बीच अक्सर लोगों को चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट खाने की इच्छा होती है. ऐसे में ज्यादातर लोग समोसा, ब्रेड पकोड़ा या दूसरी तली हुई चीजें खाना पसंद करते हैं. अगर आप भी अपनी शाम की भूख को हेल्दी तरीके से शांत करना चाहते हैं, तो मूंग दाल से बने स्नैक्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. मूंग दाल में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाते हैं. आइए जानते हैं मूंग दाल से बनने वाले कुछ आसान और हेल्दी स्नैक्स.
मूंग दाल क्यों है फायदेमंद
मूंग दाल को गर्मियों के लिए सबसे अच्छी दाल माना जाता है क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है. इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और विटामिन मौजूद होते हैं. यह पचने में हल्की होती है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराती है. अगर आप रोजाना खिचड़ी खाकर बोर हो गए हैं, तो इससे कई स्वादिष्ट स्नैक्स भी तैयार किए जा सकते हैं.
मूंग दाल का डोसा
अगर आप हल्का और हेल्दी स्नैक खाना चाहते हैं, तो मूंग दाल का डोसा अच्छा विकल्प है. भीगी हुई मूंग दाल को पीसकर कुछ समय के लिए रख दें. इसके बाद इसमें स्वादानुसार मसाले मिलाकर नॉन स्टिक तवे पर पतला डोसा बनाएं. इसे नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ खाया जा सकता है.
मूंग दाल कटलेट
भीगी हुई मूंग दाल को पीसकर उसमें उबले हुए आलू, बारीक कटी सब्जियां और मसाले मिलाएं. इसके बाद कटलेट का आकार देकर हल्के तेल में शैलो फ्राई करें. यह स्नैक बाहर मिलने वाले तले हुए कटलेट से कहीं ज्यादा हेल्दी होता है.
मूंग दाल चीला
मूंग दाल का चीला भी शाम की चाय के साथ बेहतरीन विकल्प है. भीगी हुई दाल को पीसकर उसमें सूजी, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट मिलाएं. तवे पर हल्का तेल लगाकर चीला तैयार करें. यह स्वादिष्ट होने के साथ प्रोटीन से भरपूर भी होता है.
मूंग दाल स्प्राउट्स चाट
मूंग दाल के स्प्राउट्स सबसे हेल्दी स्नैक्स में गिने जाते हैं. इन्हें हल्का उबालकर ठंडा करें और इसमें खीरा, टमाटर, प्याज, नींबू का रस और हल्के मसाले मिलाएं. यह चाट स्वाद के साथ शरीर को भरपूर पोषण भी देती है. अगर आपके पास थोड़ा ज्यादा समय हो, तो मूंग दाल की इडली भी बनाकर शाम के नाश्ते का आनंद ले सकते हैं.
ये भी पढ़ें: