दीवाली का त्योहार हो और घर में गुजिया न बने, ऐसा कैसे हो सकता है. इस खास मौके पर ज्यादातर घरों में मैदे, खोया और चीनी से बनी पारंपरिक गुजिया तैयार की जाती है. लेकिन ज्यादा मीठा और तला हुआ खाने से परहेज करने वाले लोग अक्सर इसका स्वाद नहीं ले पाते. खासकर डायबिटीज के मरीजों और हेल्थ कॉन्शियस लोगों के लिए यह चिंता की बात हो सकती है. ऐसे में आप इस बार त्योहार पर गुजिया का एक हेल्दी विकल्प अपना सकते हैं. इसे बनाने में न मैदे की जरूरत है, न चीनी और न ही खोया की. इसकी जगह गेहूं का आटा, खजूर या गुड़ और सूखे मेवों का इस्तेमाल किया जाता है. आइए जानते हैं इस हेल्दी गुजिया को घर पर बनाने का आसान तरीका.
गेहूं के आटे से तैयार करें गुजिया का आटा
सबसे पहले एक कप गेहूं के आटे में दो बड़े चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. इसे गीले कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा.
खजूर और ड्राई फ्रूट्स से बनाएं फिलिंग
फिलिंग तैयार करने के लिए एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें. इसमें बारीक कटे बादाम, काजू, पिस्ता और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालकर हल्का भून लें. अब इसमें कटे हुए खजूर या गुड़ मिलाएं. मिश्रण के नरम होने पर इसमें भुनी हुई सूजी और एक चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद इसे ठंडा होने दें.
ऐसे दें गुजिया को खूबसूरत शेप
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूरी की तरह बेल लें. इसमें तैयार फिलिंग भरें और किनारों पर पानी लगाकर अच्छी तरह बंद कर दें. कांटे या उंगलियों की मदद से किनारों को डिजाइन भी दे सकते हैं.
धीमी आंच पर तलें गुजिया
एक कड़ाही में घी गर्म करें और गुजिया को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तल लें. ठंडा होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रख दें. इस तरह घर पर स्वादिष्ट गुजिया तैयार हो जाएगी. हालांकि, खजूर और गुड़ में भी प्राकृतिक शुगर होती है, इसलिए डायबिटीज के मरीज इसे खाने से पहले अपनी डाइट और ब्लड शुगर का ध्यान रखें.
ये भी पढ़ें: