बरसात का मौसम आते ही किचन में रखे मसालों की हालत खराब होने लगती है, खास करके नमक. बरसात के मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से नमक कुछ ही दिनों में गीला होकर डिब्बे में जमने लगता है, जो देखने में अजीब सा लगता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो किचन में रखे नमक को नमी से बचाने के लिए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं.
नमक को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें
बरसात में नमक को खुले या ढीले ढक्कन वाले डिब्बे में रखने से बचें. इसे ऐसे कंटेनर में रखें जिसका ढक्कन अच्छी तरह बंद हो जाए. इससे बाहर की नमी नमक के संपर्क में कम आएगी.
नमक में डालें चावल की पोटली
नमक को नमी से बचाने के लिए डिब्बे में कच्चे चावल की पोटली बनाकर डाल सकते हैं. चावल आसपास की नमी को सोखने में मदद करता है और इससे नमक के जल्दी गीला होकर जमने या गिला होने की समस्या कम हो सकती है.
नमक का डिब्बा सिंक के पास न रखें
किचन में नमक का डिब्बा ऐसी जगह रखने से बचें जहां पानी या भाप ज्यादा रहती हो. खासकर सिंक, गैस और गर्म बर्तनों के बिल्कुल पास नमक रखने से उसमें नमी जल्दी पहुंच सकती है.
नमक निकालते समय रखें ये ध्यान
खाना बनाते समय नमक निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें. गीले चम्मच से नमक निकालने पर डिब्बे के अंदर नमी पहुंच सकती है और नमक धीरे-धीरे जमने लगता है.
एक साथ ज्यादा नमक स्टोर न करें
अगर आपके घर में नमक की खपत कम है तो एक साथ बहुत ज्यादा मात्रा डिब्बे में भरकर रखने से बचें. जरूरत के हिसाब से थोड़ी मात्रा इस्तेमाल के लिए रखें और बाकी नमक को अच्छी तरह बंद पैकेट या कंटेनर में सुरक्षित रखें.
डिब्बे में नमी दिखे तो तुरंत करें ये काम
अगर नमक पहले से थोड़ा गीला हो गया है तो उसे सूखे बर्तन में निकालकर अच्छी तरह फैला दें. नमी कम होने के बाद इसे पूरी तरह सूखे और साफ एयरटाइट कंटेनर में रख दें. इससे नमक को दोबारा जमने से बचाने में मदद मिल सकती है.
नमक को सूखी जगह पर रखें
बरसात में किचन की ऐसी जगह चुनें जहां सीलन और नमी कम हो. नमक को सूखी अलमारी में रखने और इस्तेमाल के बाद डिब्बे का ढक्कन तुरंत बंद करने से इसकी क्वालिटी लंबे समय तक ठीक रखी जा सकती है.
ये भी पढ़ें