गर्मी शुरू होते ही शरीर को ठंडक देने वाले ड्रिंक्स की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में आम पन्ना सबसे आसान और असरदार विकल्प माना जाता है. ये सिर्फ स्वाद में लाजवाब नहीं होता, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने में भी मदद करता है, जिससे लू का खतरा कई गुणा कम हो जाता है. साथ ही डिहाइड्रेशन से भी बचाव होता है और शरीर में ताजगी बनी रहती है. यही वजह है कि इसे गर्मियों का देसी सुपर ड्रिंक भी कहा जाता है.
आम पन्ना बनाने के लिए आपको चाहिए
इस स्वादिष्ट ड्रिंक को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. आपको चाहिए 2 कच्चे आम, 2 कप पानी, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर, 2 चम्मच चीनी या गुड़, 5-6 पुदीना पत्तियां और बर्फ के टुकड़े. इन सभी चीजें मिलकर आम पन्ना को एकदम बाजार जैसा तैयार कर लें.
ऐसे बनाएं झटपट आम पन्ना
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धो लें और प्रेशर कुकर में 2 कप पानी डालकर 2-3 सीटी आने तक उबाल लें. चाहें तो आप इन्हें खुली आंच पर भी उबाल सकते हैं. जब आम ठंडे हो जाएं, तो उनका गूदा निकालकर मिक्सर में डालें. अब इसमें काला नमक, जीरा पाउडर, चीनी या गुड़ और पुदीना डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें.
सर्व करने का आसान तरीका
तैयार मिश्रण को एक गिलास में निकालें और उसमें ठंडा पानी मिलाएं. ऊपर से बर्फ के टुकड़े डाल दें. बस कुछ ही मिनटों में आपका ठंडा-ठंडा आम पन्ना तैयार है.
इसे आप घर आए मेहमानों को भी सर्व कर सकते हैं, हर किसी को इसका स्वाद जरूर पसंद आएगा.
आम पन्ना पीने के फायदे
आम पन्ना शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और गर्मी से राहत देता है. यह पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है और एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक होता है. इसके साथ ही यह इम्यूनिटी को मजबूत करता है और शरीर को बीमारियों से बचाता है. गर्मी में होने वाली कमजोरी को दूर करने के लिए भी यह एक बेहतरीन एनर्जी ड्रिंक है.
क्यों बनाना चाहिए घर पर
बाजार में मिलने वाले ड्रिंक्स में अकसर ज्यादा शुगर और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो सेहत के लिए सही नहीं होते. वहीं घर पर बना आम पन्ना पूरी तरह नेचुरल और फ्रेश होता है. इसलिए अगली बार जब गर्मी परेशान करे, तो बाहर की ठंडी बोतल के बजाय घर पर बना आम पन्ना जरूर ट्राय करें और खुद को तरोताजा रखें.
ये भी पढ़ें