scorecardresearch

Matka Pani changing Tips: इतने दिन में बदलें, नहीं तो जहर हो सकता है मटके का पानी

मटके के पानी को हर 24 घंटे में बदल देना चाहिए, क्योंकि गर्मी में लंबे समय तक रखा पानी बैक्टीरिया का घर बन सकता है.

how often should we change matka water how often should we change matka water

गर्मी के मौसम में ठंडा और ताजा पानी पीने के लिए लोग अकसर मटके का सहारा लेते हैं. मिट्टी का मटका न सिर्फ पानी को नेचुरली ठंडा रखता है, बल्कि उसका स्वाद भी बेहतर कर देता है. लेकिन अगर मटके के पानी को समय-समय पर नहीं बदला जाए, तो यही पानी सेहत के लिए नुकसानदायक भी बन सकता है.

कितने दिन में बदलना चाहिए मटके का पानी
आम तौर पर मटके का पानी हर 24 घंटे के अंदर बदल देना चाहिए. अगर पानी ज्यादा समय तक रखा रहता है, तो उसमें बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. खासकर गर्मी में तापमान ज्यादा होने की वजह से पानी जल्दी-जल्दी खराब हो सकता है. इसलिए कोशिश करें कि रोज ताजा पानी भरें.

क्यों खराब हो जाता है मटके का पानी
मिट्टी का मटका प्राकृतिक रूप से थोड़ा छिद्रदार होता है. यही वजह है कि यह पानी को ठंडा रखता है, लेकिन इसी कारण बाहर की हवा और धूल के कण भी धीरे-धीरे मटके के अंदर पहुंच सकते हैं. अगर मटका साफ नहीं है या पानी लंबे समय तक रखा है, तो उसमें कीटाणु विकसित हो सकते हैं, और पेट से जुड़ी बीमारियां घेर सकती हैं. इसलिए रोज नया पानी भरना मटके में उचित होगा. 

मटके की सफाई क्यों जरूरी है
सिर्फ पानी बदलना ही काफी नहीं होता, मटके की सफाई भी उतनी ही जरूरी है. अगर मटके को नियमित रूप से साफ नहीं किया गया, तो उसके अंदर एक परत जमने लगती है, जिसे हम आसानी से नहीं देख पाते. यही परत बैक्टीरिया का घर बन सकती है. हफ्ते में कम से कम 2-3 बार मटका जरूर धोना चाहिए.

सही तरीके से कैसे करें सफाई
मटके को साफ करने के लिए केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल करने से बचें. इसकी जगह आप नमक, बेकिंग सोडा या नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये चीजें प्राकृतिक तरीके से गंदगी हटाती हैं और किसी तरह का नुकसान भी नहीं करतीं. साफ करने के बाद मटके को पलट कर अच्छे से सुखा लें, ताकि सफाई का गंदा पानी अंदर न रहे. 

पुराना पानी पीने से क्या नुकसान हो सकता है
अगर आप लंबे समय तक रखा हुआ पानी पीते हैं, तो इससे पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं जैसे गैस, अपच या इंफेक्शन. कई बार दूषित पानी से फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है. इसलिए यह छोटी सी आदत आपकी सेहत को बड़े नुकसान से बचा सकती है.

इन बातों का ध्यान रखें
मटके को हमेशा ढककर रखें ताकि धूल-मिट्टी अंदर न जाए. पानी निकालते समय साफ बर्तन का इस्तेमाल करें और हाथ सीधे पानी में न डालें. साथ ही, मटके को ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा गंदगी या धूप न हो.

ये भी पढ़ें