Fridge Cleaning
Fridge Cleaning
गर्मियों के मौसम में फ्रिज का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है. ठंडा पानी, ताजा खाना और सब्जियों को लंबे समय तक सेफ रखने के लिए इसका इस्तेमाल हर घर में होता है. लेकिन अक्सर लोग इसकी सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे फ्रिज के अंदर गंदगी, बदबू और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. ऐसे में जरूरी है कि आप समय-समय पर इसकी सही तरीके से सफाई करें, ताकि यह लंबे समय तक बेहतर तरीके से काम करता रहे और आपकी सेहत भी ठीक बनी रहे.
घर पर बनाएं आसान क्लीनिंग स्प्रे
फ्रिज की सफाई के लिए बाजार में कई महंगे प्रोडक्ट्स मिलते हैं, लेकिन आप घर पर ही एक असरदार क्लीनिंग स्प्रे तैयार कर सकते हैं. इसके लिए एक कप पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाएं और इसमें दो चम्मच वनीला एसेंस डालें. चाहें तो इसमें नींबू का एसेंशियल ऑयल भी मिला सकते हैं, जिससे खुशबू और बेहतर हो जाती है. यह स्प्रे न सिर्फ गंदगी हटाता है बल्कि फ्रिज को ताजगी भरी खुशबू भी देता है. इसे आप लगभग तीन महीने तक स्टोर करके इस्तेमाल कर सकते हैं.
इस्तेमाल करने का सही तरीका
तैयार मिक्सचर को एक साफ स्प्रे बोतल में भर लें. अब इसे फ्रिज की अंदरूनी सतहों पर स्प्रे करें और करीब पांच मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें. इसके बाद साफ और सूखे कपड़े से पोंछ लें. सिरका बैक्टीरिया को खत्म करने और बदबू दूर करने में मदद करता है, जबकि बेकिंग सोडा गंध को सोख लेता है. इस प्रोसेस से फ्रिज अंदर से साफ और फ्रेश बना रहता है.
हफ्ते में कितनी बार करनी चाहिए सफाई
फ्रिज की सफाई रेगुलर रूप से करनी बहुत जरूरी है. अगर फ्रिज में कुछ गिर जाए या खराब खाना दिखे तो उसे तुरंत हटा दें. सामान्य तौर पर हफ्ते में एक बार हल्की सफाई जरूर करें, इसमें एक्सपायर्ड आइटम्स निकालना और गंदगी हटाना शामिल करें. वहीं हर 2-3 महीने में डीप क्लीनिंग करना भी जरूरी है. इसमें शेल्फ और ड्रॉअर निकालकर अच्छी तरह साफ करना चाहिए, साथ ही फ्रिज की दीवारें और फ्रीजर सेक्शन भी साफ करें.
सफाई के दौरान रखें ये सावधानियां
डीप क्लीनिंग करते समय फ्रिज को हमेशा बिजली से अलग कर दें. कभी भी गर्म पानी सीधे ठंडे ग्लास शेल्फ पर न डालें, इससे कांच टूट सकता है. सफाई के बाद फ्रिज को पूरी तरह सूखने दें और फिर ही चालू करें. खाने की चीजों को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें और खराब या एक्सपायर्ड सामान तुरंत हटा दें. इसके अलावा, फ्रिज में बेकिंग सोडा का खुला डिब्बा रखने से बदबू को कंट्रोल करने में मदद मिलती है.