Dhaba Style Dal: घर पर बनाएं ढाबा जैसी दाल, तेल की जगह शुद्ध घी से लगाएं तड़का, फिर देखें स्वाद का कमाल

How to Make Dhaba Style Dal AT Home: ढाबा वाली दाल बड़ी ही स्वादिष्ट लगती है. आप भी यदि घर पर ढाबा जैसी दाल बनाना चाह रही हैं तो हम आपको बनाने की विधि बता रहे हैं. इस दाल में तेल की जगह शुद्ध घी से तड़का लगा देने के बाद स्वाद कमाल का हो जाएगा. अब देर मत कीजिए फटाफट नोट कर लीजिए रेसिपी और आज बना ही डालिए ढाबा जैसी स्वादिष्ट दाल.

Dhaba Style Dal
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:03 AM IST

हम देखते हैं कि कई लोगों को घर की बनी दाल अच्छी नहीं लगती है लेकिन यही लोग सफर के दौरान हाईवे के किनारे स्थित ढाबों पर बनी दाल को खूब पसंद से खाते हैं. ढाबा वाली दाल तड़का हर किसी को पसंद आता है.  ढाबा वाली दाल की खुशबू और स्वाद ऐसा होता है कि पेट भर जाता है, लेकिन मन नहीं भरता. आप भी यदि घर पर ढाबा जैसी दाल बनाना चाह रही हैं तो हम आपको बनाने की विधि बता रहे हैं. इस दाल में तेल की जगह शुद्ध घी से तड़का लगा देने के बाद स्वाद कमाल का हो जाएगा. अब देर मत कीजिए फटाफट नोट कर लीजिए रेसिपी और आज बना ही डालिए ढाबा जैसी स्वादिष्ट दाल.

अरहर दाल में मिलाएं ये भी दाल 
आपको मालूम हो कि ढाबा वाली दाल सिर्फ एक दाल से नहीं बनती है बल्कि इसमें कई दालें मिलाई जाती हैं. यदि आप भी चाहती हैं कि दाल गाढ़ा और स्वादिष्ट बने तो अरहर दाल में थोड़ी सी चने की दाल, मूंग की दाल और मसूर की दाल मिला दें. 

ढाबे जैसी दाल बनाने की विधि
ढाबे जैसी दाल बनाने के लिए आपको सबसे पहले अरहर, चना, मूंग और मसूर की मिक्स दाल को पानी में 30 से 40 मिनट के लिए भिगोकर रखना होगा. ऐसा करने से दाल का हर एक दाना अंदर से नरम हो जाता है और दाल जल्दी गलती है. यह दाल खाने के बाद पेट के लिए भी अच्छी होती है. अब गैस या चूल्हा को जलाएं. दाल को एक कुकर में डालकर उसमें पानी, हल्दी, नमक और थोड़ा सा तेल डालकर गैस या चूल्हे पर चढ़ाएं. दाल को चार-पांच सीटी आने तक पकाएं. इस बात का ध्यान रखें कि दाल पूरी तरह गलनी चाहिए लेकिन एकदम से हलवा नहीं होनी चाहिए. आपको मालूम हो कि ढाबे की दाल का असली स्वाद शुद्ध देसी घी से आता है. ऐसे में आप दाल के तड़के के लिए तेल की जगह शुद्ध घी का प्रयोग करें. एक कड़ाही में घी को गर्म करें. 

घी को गर्म होने के बाद इसमें जीरा को डालकर चटकाएं. अब इसमें बारिक कटी हुई प्याज को डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अब इसमें कुटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें. ढाबे वाली दाल में लहसुन ज्यादा होती है. अब इसे हल्का भूरा होने तक भूनें. अब कटा टमाटर और थोड़ा नमक डालकर तब तक भूनें जब तक घी अलग न होने लगे. अब कुकर बनी दाल को कड़ाही के मसाले में डालें. यदि दाल गाढ़ी है तो आप हल्का गर्म पानी मिला सकती हैं. अब इस दाल को पांच मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें. अंत में कसूरी मेथी और धनिया पत्ता डालें. ढाबे जैसी दाल बनाने के लिए आपको इसमें दो बार तड़का लगाना होगा. पहला तड़का तो आप दाल को उबालने के बाद प्याज और टमाटर के साथ लगाती ही हैं, लेकिन दाल को परोसने से ठीक पहले दूसरा तड़का शुद्ध घी से लगाना होगा. 

एक छोटे पैन में दो चम्मच देसी घी को गर्म करें. अब इसमें थोड़ा जीरा, सूखी लाल मिर्च, बारीक कटा लहसुन, चुटकी भर हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर तुरंत दाल के ऊपर डाल दें और दाल का ढक्कन बंद कर दें. आपको मालूम हो कि ढाबा में दाल मिट्टी के चूल्हे या तंदूर पर बनती है. वही स्मोकी फ्लेवर घर पर लाने के लिए दाल बनने के बाद एक कोयले का टुकड़ा गैस पर लाल कर लें. इसे एक छोटी स्टील की कटोरी में रखकर दाल के बर्तन के बीच में रखें. कोयले पर आधा चम्मच घी डालें और जैसे ही धुआं उठने लगे बर्तन को पांच मिनट के लिए ढक्कन से बंद कर दें. इससे वह असली ढाबा वाली दाल जैसा स्मोकी फ्लेवर आएगा. इस तरह से यदि आप दाल बनाएंगी तो खाने के बाद सभी लोग कहेंगे कि क्या बेहतरीन दाल बनी है. 


 

Read more!

RECOMMENDED