गोलगप्पे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. कुरकुरी पूरी, मसालेदार आलू-चने की भरावन और ऊपर से खट्टा-मीठा या तीखा पानी इस स्ट्रीट फूड का स्वाद दोगुना कर देता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि ठेले जैसा चटपटा गोलगप्पे का पानी घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. कुछ आसान चीजों और मसालों की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट गोलगप्पे का पानी तैयार कर सकते हैं.
गोलगप्पे के पानी के लिए चाहिए ये सामान
घर पर तीखा और चटपटा पानी बनाने के लिए ताजा पुदीना, हरा धनिया, हरी मिर्च, थोड़ा अदरक और नींबू लें. इसके अलावा इमली का पेस्ट, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर और थोड़ी चीनी की जरूरत होगी. चाहें तो आखिर में बूंदी भी डाल सकते हैं. पानी का स्वाद अच्छा बनाने के लिए पुदीना और धनिया ताजा होना जरूरी है.
ऐसे तैयार करें गोलगप्पे का चटपटा पानी
सबसे पहले पुदीना, हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक और इमली का पेस्ट ब्लेंडर में डालकर अच्छी तरह पीस लें. अब इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकालें. इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर और थोड़ी चीनी डालें. इसके बाद इसमें जरूरत के हिसाब से सामान्य या ठंडा पानी मिलाएं और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. अगर आपको ज्यादा तीखा स्वाद पसंद है तो हरी मिर्च या काली मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. परोसने से पहले इसमें बूंदी डालने से स्वाद और भी बढ़ जाएगा.
कुछ घंटे फ्रिज में रखने से बढ़ेगा स्वाद
गोलगप्पे का पानी तैयार करने के बाद इसे तुरंत इस्तेमाल करने के बजाय कुछ घंटे फ्रिज में रखना बेहतर रहता है. करीब 6 से 7 घंटे ठंडा होने पर मसालों और पुदीने का स्वाद पानी में अच्छी तरह घुल जाता है. इससे पानी ज्यादा चटपटा और स्वादिष्ट लगता है.
ये भी पढ़ें: