गर्मी आते ही ठंडे खाने की डिमांड बढ़ जाती है. हर किसी का मन कुछ ऐसा खाने का होता है, जिसमें मसाले कम हो और स्वादिष्ट भी हो. साथ ही पेट के लिए भी हल्का और ताजगी से भरा हो. ऐसे में आप ट्राय कर सकते हैं, पपीते का ये स्वादिष्ट रायता.
ये रायता बनने में जितना कम समय लेता है, उतना ही सेहत के लिए फायदेमंद है. ये पाचन को अच्छा करता है, वजन घटाने में मददगार है, पेट की जलन शांत करता है, और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है. यह प्रोबायोटिक दही और फाइबर युक्त पपीता एक साथ खाना स्वास्थ्य के लिए अमृत सा है. ये रायता एंटीऑक्सिडेंट की खान है, जो कोलेस्ट्रॉल को सुधारता है और त्वचा को निखारने में मदद करता है.
पपीते का रायता बनाने का सामान
ताजा दही - 2 कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
कच्चा पपीता - 1 कप (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
काला नमक - आधा छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर - 1 छोटा चम्मच
पुदीना पत्ता - 1 बड़ा चम्मच
सेंधा नमक - स्वादानुसार
थोड़ा सा ठंडा पानी
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें, ताकि वह बिल्कुल स्मूथ हो जाए. अगर दही ज्यादा गाढ़ा लगे, तो उसमें थोड़ा ठंडा पानी मिलाकर मनचाही कंसिस्टेंसी बना लें.
अब इसमें छोटे-छोटे कटे हुए पके पपीते के टुकड़े डालें. ध्यान रखें कि पपीता ज्यादा पका न हो, वरना रायता का स्वाद ज्यादा मीठा हो सकता है. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च मिलाएं.
अब इस मिश्रण में काला नमक, भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार सेंधा नमक डालें. इससे रायते का स्वाद और भी बढ़ जाएगा.
अंत में पुदीने की पत्तियों को हाथ से मसलकर इसमें डालें. पुदीना रायते को ठंडक देने के साथ उसकी खुशबू भी बढ़ा देता है.
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद यह रायता खाने में और भी स्वादिष्ट लगेगा.
ये भी पढ़ें