Restaurant Style Sirke Vali Pyaaz: स्वाद के साथ सेहत के लिए फायदेमंद, रह जाएंगे उंगलियां चाटते... झटपट होती तैयार

सिरके में डूबी ये प्याज दिखने में जितनी सुंदर लगती हैं, स्वाद में उतनी ही लाजवाब होती हैं. इनका हल्का खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद दाल, सब्जी या किसी भी ग्रेवी वाली डिश के साथ खाने का मज़ा दोगुना कर देता है.

Sirka Pyaaz Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:08 AM IST

जब भी हम किसी अच्छे रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं, तो खाने के साथ मिलने वाली छोटी-छोटी गोल लाल प्याज तुरंत ध्यान खींच लेती हैं. सिरके में डूबी ये प्याज दिखने में जितनी सुंदर लगती हैं, स्वाद में उतनी ही लाजवाब होती हैं. इनका हल्का खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद दाल, सब्जी या किसी भी ग्रेवी वाली डिश के साथ खाने का मज़ा दोगुना कर देता है. खास बात यह है कि सही तरीके से बनाई और स्टोर की गई सिरके वाली प्याज लंबे समय तक खराब नहीं होती.

अक्सर लोगों को लगता है कि रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर लाना मुश्किल है, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट है. सिरका, नमक, थोड़ी-सी चीनी और कुछ खड़े मसाले मिलकर वही परफेक्ट टेस्ट देते हैं. इसके अलावा यह पाचन के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. सिरका और मसाले गैस व अपच से राहत देते हैं और गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं.

सामग्री जो हर किचन में मिल जाए
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें आसानी से घर पर मिल जाती हैं. छोटी लाल प्याज, सफेद सिरका, पानी, नमक, थोड़ी-सी चीनी और कुछ खड़े मसाले मिलकर इसे खास बना देते हैं. हल्दी न सिर्फ रंग देती है बल्कि एंटीसेप्टिक गुण भी जोड़ती है, जिससे प्याज ज्यादा समय तक सुरक्षित रहती है.

सिरके की प्याज बनाने की आसान विधि
सबसे पहले छोटी लाल प्याज को छीलकर अच्छी तरह धो लें और पूरी तरह सुखा लें. अब एक बर्तन में सिरका और पानी डालें, उसमें नमक, चीनी और सभी खड़े मसाले मिलाएं. इस मिश्रण को गैस पर रखकर उबाल आने तक पकाएं. उबाल आते ही गैस बंद कर दें और इसे हल्का ठंडा होने दें. इसके बाद प्याज को कांच के साफ जार में डालें और ऊपर से तैयार सिरके का मिश्रण डाल दें, ताकि सारी प्याज अच्छी तरह डूब जाए.

स्टोर करने का सही तरीका
जार को अच्छी तरह बंद करके ठंडी जगह या फ्रिज में रख दें. लगभग 24 घंटे में प्याज खाने लायक हो जाती है, लेकिन 3-4 दिन बाद इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है. हमेशा कांच के जार का ही इस्तेमाल करें और प्याज निकालते समय सूखा व साफ चम्मच लें, ताकि यह जल्दी खराब न हो.

किन चीज़ों के साथ परोसें
सिरके वाली प्याज दाल-चावल, छोले-भटूरे, मटन करी, तंदूरी रोटी या किसी भी भारतीय ग्रेवी वाली डिश के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसे सलाद की तरह भी परोसा जा सकता है. यही वजह है कि कई घरों में इसे रोज़ के खाने का हिस्सा माना जाता है और मेहमान भी इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाते.

 

Read more!

RECOMMENDED