गर्मी का मौसम आते ही पानी से जुड़ी परेशानियां बढ़ने लगती हैं कहीं पानी से बदबू आने लगती है, तो कहीं उसका स्वाद खराब हो जाता है. ऐसे में लोग RO पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन अगर उसकी समय पर सर्विस न हो तो वही RO गंदा पानी देने लगता है. और RO की सर्विस का खर्चा भी अच्छा खासा होता है. ऐसे में कुछ छोटे-छोटे उपाय जरूर हैं जिन्हें अपनाकर आप घर बैठे ही RO की सफाई कर सकते हैं.
घर पर बदलें RO का प्री-फिल्टर
RO का प्री-फिल्टर पानी में मौजूद मिट्टी, धूल और छोटे कणों को रोकने का काम करता है. समय के साथ इसमें गंदगी जमा हो जाती है, जिससे पानी का फ्लो कम हो जाता है. अगर नल से पानी धीमा आने लगे, तो हो सकता है प्री-फिल्टर गंदा हो गया हो. आप इसे आसानी से घर पर ही बदल सकते हैं.
कार्बन फिल्टर से हटती है बदबू और क्लोरीन
कार्बन फिल्टर पानी के स्वाद और गंध को सुधारने में अहम भूमिका निभाता है. जब पानी में अजीब सी गंध या स्वाद महसूस हो, तो समझ लें कि यह फिल्टर कमजोर हो चुका है और इसे बदलना जरूरी है.
RO मेम्ब्रेन की समय पर जांच बेहद जरूरी
RO का मेम्ब्रेन सबसे जरूरी हिस्सा होता है, जो बारीक अशुद्धियों और बैक्टीरिया को हटाता है. अगर पानी का TDS बढ़ने लगे या स्वाद बदल जाए, तो यह संकेत है कि मेम्ब्रेन ठीक से काम नहीं कर रहा और इसे बदलने की जरूरत है.
स्टोरेज टैंक की सफाई को नजरअंदाज न करें
कई बार लोग फिल्टर बदल देते हैं लेकिन टैंक की सफाई भूल जाते हैं. टैंक में जमा पानी में बैक्टीरिया पनप सकते हैं, इसलिए महीने में एक बार टैंक को खाली करके फिटकिरी से साफ जरूर करें.
बिना RO के पानी को कैसे साफ करें?
अगर घर में RO नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सबसे आसान और भरोसेमंद तरीका है पानी को उबालना. जब पानी को 5 से 10 मिनट तक अच्छी तरह उबाला जाता है, तो उसमें मौजूद ज्यादातर बैक्टीरिया और वायरस खत्म हो जाते हैं.
इसके अलावा फिटकरी का इस्तेमाल भी एक पुराना और असरदार तरीका है. जब आप पानी में फिटकरी घुमाते हैं, तो यह गंदगी को नीचे बैठा देती है और ऊपर साफ पानी रह जाता है. यह तरीका खासतौर पर तब काम आता है जब पानी में धुंधलापन ज्यादा हो.
पानी को साफ करने के लिए कपड़े या साधारण सैंड फिल्टर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. यह तरीका पूरी तरह से कीटाणु नहीं हटाता, लेकिन पानी को काफी हद तक साफ जरूर कर देता है.
क्लोरीन टैबलेट का इस्तेमाल भी एक अच्छा विकल्प है, खासकर जब पानी की गुणवत्ता पर शक हो. यह टैबलेट पानी को कीटाणुरहित करने में मदद करती है.
एक और पारंपरिक तरीका है तांबे के बर्तन में पानी रखना. जब पानी को कुछ घंटों या रातभर तांबे के बर्तन में रखा जाता है, तो उसमें मौजूद कुछ बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं.
ये भी पढ़ें