अप्रैल-मई की गर्मी में मनी प्लांट में डालें ये ठंडी खाद, गारंटी है! पूरे साल हरा-भरा रहेगा पौधा

गर्मी के मौसम में पौधे मुरझाने लगते हैं, खासकर मनी प्लांट तो सूखने की कगार पर पहुंच जाता है. अगर आपके साथ भी यही हो रहा है तो ये 5 उपाय जरूर कर लें.

money plant care
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:53 AM IST
  • सुबह और शाम को मनी प्लांट में पानी दें
  • मनी प्लांट में डालें ये ठंडी खाद

देशभर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तेज धूप, लू और बढ़ता तापमान न सिर्फ लोगों को परेशान कर रहा है, बल्कि घरों में लगे पौधों पर भी इसका असर साफ दिखने लगा है. खासकर मनी प्लांट, जिसे लोग घर की खूबसूरती और पॉजिटिव एनर्जी के लिए लगाते हैं, वह भी इस मौसम में जल्दी मुरझाने लगता है. लेकिन थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से आप अपने मनी प्लांट को भीषण गर्मी में भी हरा-भरा रख सकते हैं.

तेज धूप से मनी प्लांट को बचाएं
गर्मियों में सबसे जरूरी है कि मनी प्लांट को सही जगह पर रखा जाए. तेज धूप इसकी पत्तियों को जला सकती है, जिससे पौधा कमजोर होने लगता है. इसलिए इसे हमेशा ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न आए, लेकिन हल्की रोशनी मिलती रहे. बालकनी या खिड़की के पास छायादार जगह इसके लिए सबसे बेहतर होती है.

मनी प्लांट के ऊपर शेड लगाएं 
अगर आपके घर में ऐसी जगह नहीं है, तो आप शेड का इस्तेमाल कर सकते हैं. ग्रीन नेट या किसी पतले कपड़े से पौधे को ढककर उसे तेज धूप से बचाया जा सकता है. इससे पौधे को जरूरी रोशनी भी मिलती रहती है और वह झुलसने से भी बच जाता है.

सुबह और शाम को मनी प्लांट में पानी दें
पानी देने का तरीका भी गर्मियों में बदलना जरूरी है. आम दिनों में जहां मनी प्लांट को दिन में एक बार पानी देना काफी होता है, वहीं गर्मियों में इसे दिन में दो बार पानी देना फायदेमंद रहता है. सुबह और शाम हल्का पानी देने से मिट्टी नम बनी रहती है और पौधा सूखने से बचता है. हालांकि ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, वरना जड़ें सड़ सकती हैं.

मनी प्लांट में डालें ये ठंडी खाद
इसके अलावा पौधे को पोषण देना भी उतना ही जरूरी है. गर्मियों में बाजार की केमिकल फर्टिलाइजर की जगह घर पर बनी ठंडी खाद का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर होता है. आलू और प्याज के छिलके को दो तीन दिन के लिए पानी में मिलाकर रख दें. फिर इस पानी को छानकर मनी प्लांट में दें. यह पौधे को ठंडक देने के साथ-साथ उसे जरूरी पोषक तत्व भी देता है.

पत्तियों पर पानी का स्प्रे करें
एक और जरूरी बात यह है कि मनी प्लांट की पीली पत्तियों की हटाते रहें साथ ही पत्तियों पर पानी का स्प्रे करें. गर्मियों में धूल जल्दी जमती है, जिससे पत्तियां ठीक से सांस नहीं ले पातीं. हफ्ते में एक-दो बार गीले कपड़े से पत्तियों को साफ करने से पौधा ज्यादा हेल्दी रहता है और उसकी ग्रोथ भी बेहतर होती है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED