गर्मियों में चींटियां नाक में दम कर देती हैं. जहां भी खाने-पीने का सामान रखो, वहीं चींटियां अपना डेर डाल देती हैं. खासकर किचन और खाने-पीने की जगहों पर. कई बार ये चींटियां इतनी तेजी से फैलती हैं कि समझ ही नहीं आता इन्हें कैसे रोका जाए. अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो घर में मौजूद दो आसान चीजें आपकी मदद कर सकती हैं. दालचीनी और नींबू का रस. इन दोनों के इस्तेमाल से बिना किसी केमिकल के चींटियों को दूर रखा जा सकता है.
दालचीनी से दूर होंगी चींटियां
दालचीनी का इस्तेमाल आमतौर पर खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन यह सिर्फ मसाले तक सीमित नहीं है. इसकी तेज महक चींटियों को बिल्कुल पसंद नहीं आती, इसलिए यह उन्हें घर से दूर रखने में मदद करती है.
दरअसल, चींटियां अपनी गंध के निशान के जरिए रास्ता तय करती हैं. दालचीनी की तेज खुशबू इस रास्ते को बिगाड़ देती है, जिससे वह दोबारा उसी जगह नहीं आतीं. यही वजह है कि यह घरेलू उपाय काफी असरदार माना जाता है.
ऐसे करें दालचीनी का इस्तेमाल
अगर आपको पता है कि चींटियां किस जगह से घर के अंदर आ रही हैं, तो वहां दालचीनी पाउडर हल्का सा छिड़क दें. खासकर दरवाजों के कोनों, खिड़कियों, किचन स्लैब और अलमारी के पास इसे डालना ज्यादा फायदेमंद होता है.
आप चाहें तो दालचीनी के तेल (Cinnamon Oil) का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक कॉटन बॉल को तेल में हल्का सा भिगोकर उन जगहों पर रख दें, जहां से चींटियां आती हैं. इसकी तेज खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है और चींटियों को पास नहीं आने देती.
नींबू का रस भी है कारगर उपाय
गर्मियों में नींबू को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन यह घर की सफाई और कीड़ों को दूर रखने में भी काफी काम आता है. नींबू में मौजूद एसिडिक गुण चींटियों के गंध वाले रास्ते को खत्म कर देते हैं. जब उनका रास्ता ही मिट जाता है, तो वे उसी दिशा में दोबारा नहीं आ पातीं.
कैसे करें नींबू का इस्तेमाल
जहां से चींटियां आती-जाती दिख रही हों, वहां ताजा नींबू का रस निचोड़ दें. खासकर किचन के कोनों, दरवाजे के नीचे और खिड़की के आसपास इसका इस्तेमाल अच्छा असर दिखाता है.
इसके अलावा, नींबू के छिलकों को भी अलमारी, स्लैब या दरवाजों के पास रखा जा सकता है. इसकी खट्टी खुशबू चींटियों को दूर रखने में मदद करती है और किचन में भी फ्रेश खुशबू आती रहती है .
ये भी पढ़ें