watermelon peel Dishes: फल तो फल... ये हिस्सा भी खाने में है स्वादिष्ट, तरबूज के छिलके से बनाएं स्वादिष्ट 5 डिश

गर्मियों में तरबूज खाना तो हर किसी को पसंद है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका 'सफेद हिस्सा' यानी छिलका भी सेहत और स्वाद का खजाना है? जी हां, अब से तरबूज का छिलका फेंकने की गलती न करें. आज हम आपको तरबूज के छिलके से बनने वाली 5 ऐसी लाजवाब डिशेज के बारे में बताएंगे, जिन्हें जानकर आप हैरान रह जाएंगे.

watermelon peel 5 dishes
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:12 PM IST

हम अकसर तरबूज खाते समय उसका लाल और मीठा हिस्सा तो बड़े चाव से खा लेते हैं, लेकिन छिलके को बेकार समझकर सीधे फेंक देते हैं. ज्यादातर लोगों को लगता है कि यह हिस्सा किसी काम का नहीं होता, जबकि सच यह है कि तरबूज का छिलका भी स्वाद और पोषण से भरपूर होता है.

इसके सफेद हिस्से से कई ऐसी स्वादिष्ट डिश बनाई जा सकती हैं, जिनके बारे में शायद आपने पहले सोचा भी न हो. यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि किचन में फूड वेस्ट कम करने का भी शानदार तरीका है. अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना पसंद करते हैं, तो तरबूज के छिलके से बनने वाली ये 5 डिश जरूर बनाकर देखें.

1. चटनी बना कर रोटी का स्वाद बढ़ाएं
तरबूज के छिलके की चटनी खाने के साथ एक बेहतरीन साइड डिश बन सकती है. इसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद काफी अलग लगता है.

सबसे पहले छिलके के हरे बाहरी हिस्से को हटाकर सफेद भाग को छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें हल्का उबाल लें ताकि ये नरम हो जाएं. इसके बाद मिक्सर में हरी मिर्च, धनिया पत्ती, नमक और थोड़ा सा नींबू का रस डालकर पीस लें. यह चटनी पराठे, दाल-चावल या स्नैक्स के साथ बहुत अच्छी लगती है.

2. सब्जी के साथ ट्राय करें चावल
अगर आप रोजाना की सब्जियों से हटकर कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो आप छिलके की सब्जी ट्राय कर सकते हैं.

इसके लिए छिलके के सफेद हिस्से को छोटे टुकड़ों में काट लें. कड़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें प्याज, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च भून लें. अब इसमें कटे हुए छिलके डालें और हल्दी, नमक और जरूरत के हिसाब से बाकी मसाले मिलाकर पकाएं.

धीमी आंच पर पकाएं. धीमी आंच पर पकने के सारण ये सब्जी बहुत स्वादिष्ट बनती है और रोटी या चावल दोनों के साथ अच्छी लगती है.

3. अचार है बढ़ियां ऑप्शन
अगर आपको अचार पसंद है, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसका स्वाद थोड़ा अलग लेकिन बेहद लाजवाब होता है.

सबसे पहले छिलकों को छोटे टुकड़ों में काटकर कुछ देर धूप में सुखा लें. इसके बाद सरसों के तेल में हल्का सा भूनें और उसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और मेथी दाना डालें. अब इसे एक साफ कांच की बोतल में भरकर 2-3 दिन धूप में रखें. कुछ ही दिनों में इसका स्वाद शानदार हो जाएगा.

4. तरबूज के छिलके की करी
यह डिश उन लोगों के लिए परफेक्ट है जिन्हें ग्रेवी वाली चीजें पसंद होती हैं. इसके लिए छिलके को छोटे टुकड़ों में काटकर तेल में थोड़ी देर भून लें. फिर इसमें प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर पकाएं. इसके बाद मसाले और थोड़ा नारियल का दूध मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. यह करी रोटी और चावल दोनों के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती है और खाने में एकदम अलग फ्लेवर देती है.

5. छिलके से बना कर खाएं हलवा
अगर आप मीठा पसंद करते हैं, तो यह डिश जरूर ट्राई करें.

छिलके के सफेद हिस्से को कद्दूकस कर लें. अब इसे घी में अच्छी तरह भूनें. इसके बाद इसमें दूध, चीनी और इलायची पाउडर डालकर पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तो ऊपर से सूखे मेवे डालकर सजाएं. यह हलवा स्वाद में बहुत अच्छा लगता है और घर में सबको पसंद आएगा.

ये भी पढ़ें 


 

Read more!

RECOMMENDED