Advertisement

Jhansi: चोर की आस्था भरी चोरी, पहले चुराए माता के आभूषण.. फिर जाते-जाते मांगी माफी भी

झांसी में एक चोर ने पहले माता के मंदिर में चोरी की और फिर जाते-जाते मातारानी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया.

मंदिर से चोरी करता युवक
gnttv.com
  • झांसी,
  • 11 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:28 AM IST

आस्था को शर्मसार करने वाली एक हैरानी भरी घटना झांसी से सामने आई है. जहां एक चोर ने पहले माता के मंदिर में चोरी की और फिर जाते-जाते मातारानी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया. यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे आस्था और अपराध के अजीब मेल के रूप में देख रहे हैं.

क्या का है पूरा मामला?
झांसी के गरौठा क्षेत्र स्थित गरौठा-मढ़ां रोड पर बने बड़ी माता मंदिर में बीती रात अज्ञात चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोर ने मंदिर का ताला तोड़ा और माता के श्रृंगार में चढ़े कीमती जेवरात चुरा लिए. सुबह जब श्रद्धालु रोज़ाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो टूटा हुआ ताला देखकर हड़कंप मच गया. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.

सीसीटीवी ने खोला राज़
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक साफ तौर पर चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है. युवक ने नीले रंग की हुडी पहन रखी है और सिर पर कैप लगाए हुए है. वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक मंदिर में प्रवेश करने के बाद एक-एक कर सभी मूर्तियों की तलाशी लेता है. वह मूर्तियों पर ढके गर्म कपड़ों को हटाता है, फिर एक मूर्ति से जेवर चुरा लेता है. इसके बाद वह कपड़ों को वापस मूर्ति पर ढक देता है और अन्य मूर्तियों की भी तलाशी लेता है.

सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आता है, जब चोरी करने के बाद युवक मंदिर से निकलने लगता है. लेकिन जाते समय वह दो बार भगवान के सामने हाथ जोड़ता है, मानो प्रार्थना या माफी मांग रहा हो. यही दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या चोर ने अपराध करने के बाद भगवान से माफी मांगी.

क्या कहना है पुलिस का?
वहीं जब इस मामले में जब गरौठा थाना प्रभारी से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, लेकिन अभी तक मंदिर प्रबंधन या किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. शिकायत मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोरी कितने मूल्य की हुई है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और तलाश में जुटी हुई है.

- अजय झा की रिपोर्ट

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement