गर्मियों का मौसम आते ही आम की मिठास लोगों को अपनी ओर खींचने लगती है. बाजार में लंगड़ा, दशहरी, चौसा और सफेदा जैसे कई तरह के आम नजर आते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा खास आम भी है जिसे देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तक पसंद करते हैं? इस खास आम का नाम जर्दालू आम है. बिहार के भागलपुर में उगाया जाने वाला यह आम अपनी अनोखी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए देशभर में मशहूर है.
जर्दालू आम का इतिहास
जर्दालू आम का इतिहास करीब 200 साल पुराना माना जाता है. कहा जाता है कि भागलपुर के पास मधुबन बाग में इसका पहला पेड़ लगाया गया था. इतिहास के अनुसार खड़गपुर हवेली के राजा रहमत अली खान ने वर्ष 1810 से 1820 के बीच जर्दालू आम का पहला पौधा तैयार कराया था. हैरानी की बात यह है कि उस दौर का लगाया गया पेड़ आज भी मौजूद है और उसमें फल आते हैं.
जर्दालू आम मुख्य रूप से बिहार के भागलपुर और आसपास के इलाकों में उगाया जाता है. गंगा नदी के किनारे की उपजाऊ जलोढ़ मिट्टी और यहां का मौसम इस आम को खास स्वाद और खुशबू प्रदान करते हैं. इसकी विशिष्ट पहचान को देखते हुए 28 मार्च 2018 को भागलपुर के जर्दालू आम को जीआई टैग भी दिया गया था. यह प्रमाणित करता है कि यह अपने क्षेत्र की विशेष पहचान वाला अनोखा उत्पाद है.
हर साल राष्ट्रपति भवन पहुंचता है जर्दालू
जर्दालू आम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर साल भागलपुर के चुनिंदा बगीचों से बेहतरीन गुणवत्ता वाले आमों को विशेष पैकिंग के साथ नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन भेजा जाता है. देश के कई बड़े नेता और वीवीआईपी लोग इसके स्वाद का आनंद लेते हैं.
क्या है इसकी सबसे बड़ी खासियत?
जर्दालू आम की सबसे बड़ी पहचान इसकी खुशबू है. इसकी महक इतनी तेज और आकर्षक होती है कि फल को देखे बिना भी उसकी मौजूदगी का एहसास हो जाता है. पकने के बाद इसका रंग हल्का पीला हो जाता है. स्वाद में यह संतुलित खट्टा-मीठा होता है, जो इसे अन्य आमों से अलग बनाता है. इसके अलावा इसमें रेशा बहुत कम होता है, जिससे इसे खाना और भी आसान हो जाता है.
खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप जर्दालू आम का असली स्वाद चखना चाहते हैं तो इसकी पहचान जरूर जान लें. यह आकार में बहुत बड़ा नहीं होता और इसका रंग नींबू जैसा हल्का पीला होता है. इसकी खुशबू ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है. इसे सीधे किसानों या भरोसेमंद विक्रेताओं से खरीदें. खाने से पहले इसे करीब एक घंटे तक ठंडे पानी में रखने से इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.
ये भी पढ़ें: