अगर आप घर पर मार्केट जैसे करारे गोलगप्पे बनाना चाहते हैं तो कुछ खास नहीं करना है. ये बहुत ही आसान है. इसे घर पर बिना किसी तामझाम के बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए किसी खास चीज की भी जरूरत नहीं होती है. किचन में मौजूद चीजों से आसानी से गोलगप्पे बना सकते हैं. चलिए इसकी रेसिपी बताते हैं.
कैसे तैयार करें गोलगप्पे का आटा?
गोलगप्पे बनाने के लिए सबसे पहले आधा किलोग्राम आटा लें. इसमें 100 ग्राम बारीक सूजी मिलाएं. सूजी का चुनाव करते समय खास ध्यान रखना जरूरी है कि सूजी बारीक हो. अगर मोटी सूजी इस्तेमाल की जाए तो गोलगप्पों में दाने महसूस हो सकते हैं और बनावट भी सही नहीं होती है.
इसके बाद इसेमं आधा चम्मच बेकिंग पाउडर डालें. कई लोग बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर को एक जैसा समझ लेते हैं. लेकिन गोलगप्पों के लिए बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल अच्छा रहता है.
इसके बाद इसमें धीरे-धीरे पानी डालकर आटा गूथे लें. आटा पूड़ी के आटे की तरह सख्त होना चाहिए. अगर आटा ज्यादा नरम होगा तो गोलगप्पे अच्छे नहीं बनेंगे. जब आटा तैयार हो जाए तो इसे आधे घंटे के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें. इसके बाद एक बार फिर से आटा अच्छी तरह से गूंथ लें.
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. लोइयों को थोड़ा सा तेल लगाकर रखा जाता है, ताकि वे आपस में चिपके नहीं. इसके बाद इन लोइयों को पतला बेल लें. बेली हुई पूड़ियों को भी गीले कपड़े पर रखकर ऊपर से ढक दें, जिससे उनमें नमी बनी रहती है और तलते समय अच्छी तरह फूलती हैं.
कैसे तले गोलगप्पे?
गोलगप्पे को तलने के लिए कढ़ाई में तेल लें और उसे गर्म करें. मीडियम फ्लेम पर गोलगप्पे को तलना चाहिए. ज्यादा तेज आंच पर तलने से गोलगप्पे जल सकते हैं. गोलगप्पे को तेल में डालने के बाद अच्छी तरह से पकाएं. जब वो पूरी तरह फूल जाए तो उसे निकालें.
गोलगप्पे को तलने के बाद तुरंत नहीं खाना चाहिए. गोलगप्पे को कम से कम 2 घंटे तक ठंडा होने के लिए छोड़ देना चाहिए. इससे गोलगप्पे में करारपन आ जाता है. जब ये ठंडा हो जाता है तो इसका स्वाद बिल्कुल मार्केट में मिलने वाले गोलगप्पे की तरह मिलता है.
कैसे बनाएं गोलगप्पे का पानी?
घर पर गोलगप्पे का स्वादिष्ट पानी बनाने के लिए पुदीना, हरा धनिया, अदरक, काला नमक, हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर पीस लें और उसका पेस्ट बना लें. इसको पानी में मिला लें. इसमें इमली का पल्प, नींबू रस मिलाकर सर्वे कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: