Suji Rasili Mithai Recipe: झट से तैयार करें सूजी की रसीली मिठाई, बाहर से क्रिस्पी और अंदर से रसीली

आपने सूजी की कुरकुरे स्टाइल वाली रसीली मिठाई खाई है? अगर नहीं खाई है तो इसकी रेसिपी को जान लीजिए. अगर आपने इस मिठाई को एक बार खा लिया तो बार-बार खाना चाहेंगे. इसको घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसको बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं होती है.

Suji Rasili Mithai
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:02 PM IST

अगर आपको मीठा खाना पसंद है तो आप घर पर आसानी से सूजी से स्वादिष्ट रसीली मिठाई बना सकते हैं. इस रसीली मिठाई को बनाने के लिए ज्यादा चीजों को भी जरूरत नहीं पड़ती है. इसे बनाना बाकी मिठाइयों के मुकाबले काफी आसान है. लेकिन इसका स्वाद दुकान पर मिलने वाली मिठाइयों से बेहतर होता है. ये स्पेशल रसीली मिठाई बाहर से कुरकुरी और अंदर से बेहद रसीली होती है. चलिए आपको कुरकुरे जैसी दिखने वाली रसीली मिठाई बनाने का तरीका बताते हैं.
 
रसीली मिठाई के लिए कैसे तैयार करें सूजी?
रसीली मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले सूजी लेते हैं और उसे मिक्सी में बारीक पीस लेते हैं. अगर घर में महीन सूजी है तो उसका इस्तेमाल कर सकते हैं, उसको पीसने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके बाद एक कढ़ाई लें और उसमें थोड़ा घी डालें और उसे गर्म करें. जब घी गर्म हो जाए तो उसमें सूजी डालें और लो फ्लेम पर 5 मिनट तक भूनना चाहिए.

जब सूजी अच्छी तरह से पक जाए तो उसमें एक कप पानी मिलाएं. अगर आपने सूजी एक कप डाला है तो उसमें 2 कप पानी मिलाएं. इसको लगातार चलाते रहें, ताकि इसमें गांठ न बने. इसको तब तक पकाते रहें और चलाते रहें, जब तक ये गाढ़ा न हो जाए. जब ये गाढ़ा हो जाए और कढ़ाई को छोड़ने लगे तो उसमें थोड़ा सा घी डाल दें. इसके बाद गैस बंद कर दें और उसे ठंडा होने दें.

छोटे-छोटे गोले बना लें-
जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो उसे अच्छी तरह से गूंथ लें. अब इससे छोटे-छोटे गोले बना लें और उसको हल्का चपटा आकार दे दें. उसके बाद इसे कुरकुरे के आकार में बना लें. इस तरह से सभी पीस तैयार कर लें.

कैसे तैयार करें चाशनी?
एक पैन लेंगे और उसमें एक कप चीनी और आधा कप पानी मिलाएं. इसके बाद गैस को चालू कर देंगे. इसको थोड़ी-थोड़ी देर पर चलाते रहे. इसके बाद इलायची और केसर लें और तैयार हो रही चाशनी में डाल दें. इससे इसका स्वाद बढ़ जाता है. चाशनी को अच्छी तरह से पकाएं. जब ये पक जाए तो गैस बंद कर दें और उसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें.

कैसे बनाएं सूजी की रसीली मिठाई?
इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें तैयार मिठाई के फ्राई करें. इसको अच्छी तरह से फ्राई करना है. जब ये अच्छी तरह से फ्राई हो जाते हैं तो हल्के फूल भी जाते हैं. ये बाहर से कुरकुरे की तरह हो जाते हैं. 

इसके बाद इसे चाशनी में डाल दें. इसको कुछ देर के लिए चाशनी में छोड़ दें, ताकि ये रस सोख ले. अब आपकी रसीली मिठाई तैयार हो गई है. ये स्वादिष्ट मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आएगी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED