होली के मौके पर पर्व की खुशियों को बढ़ाने के लिए अलग-अलग तरह के पकवान बनाए जाते हैं. लेकिन होली के मौके पर गुजिया का नाम न आए ऐसा हो नहीं सकता. गुजिया भी अलग-अलग प्रकार की बनाई जाती हैं. जैसे मावा गुजिया, सूजी-नारियल गुजिया, चॉकलेट गुजिया, गुल्लकंद गुजिया, ड्राई फ्रूट गुजिया, बेक्ड गुजिया. आज हम आपको एक अलग प्रकार की गुजिया बनाने का तरीका बताते है. ये है टूटी-फ्रूटी गुजिया की रेसिपी.
गुजिया के इंग्रीडिएंट्स
गुजिया बनाने के लिए मेन इंग्रीडिएंट्स में शामिल हैं 200 ग्राम मैदा, तीन चम्मच घी, डेढ़ सौ ग्राम खोया, तीन चम्मच सूजी, पांच चम्मच नारियल का चूर्ण, चार इलायची, एक कटोरी पिसी हुई चीनी और रंग बिरंगी टूटी-फ्रूटी.
गुजिया की स्टफिंग का तैयार
स्टफिंग के लिए सबसे पहले सूजी को हल्का ब्राउन होने तक घी में भूना जाता है. इसके बाद नारियल का चूर्ण और खोए को भी धीमी आंच पर भूनकर सूजी में मिलाया जाता है. इलायची पाउडर और टूटी फ्रूटी को स्टफिंग में डालकर इसे तैयार किया जाता है.
कैसे बनाएं ये खास गुजिया
गुजिया बनाने के लिए मैदा में घी डालकर इसे अच्छी तरह मसल लिया जाता है और पानी डालकर आटा तैयार किया जाता है. इसके बाद छोटे-छोटे लोई काटकर पूरी की तरह बेल लिया जाता है. स्टफिंग को पूरी में भरकर किनारों को पानी से चिपकाया जाता है. आप चाहें तो गुजिया की शेप देने के लिए सांचे का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
गुजिया को फ्राई करने के लिए तेल को मीडियम फ्लेम पर गर्म किया जाता है. इसके बाद तेल में गुजिया को पलट-पलट कर हल्का ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तला जाता है. इस तरह से धीरे-धीरे आपकी गुजिया क्रिस्पी हो जाएगी और खाने के लिए तैयार हो जाएगी.