दिवाली की तैयारियों के बीच अगर बच्चों को कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन हो रहा है, तो अब आपको बाजार से पिज्जा मंगवाने की जरूरत नहीं है. अगर आपके फ्रिज में ब्रेड के कुछ बचे हुए स्लाइस रखे हैं, तो उनसे घर पर ही टेस्टी पिज्जा बना सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए आपको अलग से मैदा गूंथने या ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप ब्रेड, सूजी और दही की मदद से पिज्जा का बेस तैयार कर सकते हैं. इसे तवे पर आसानी से बनाया जा सकता है.
ब्रेड से पिज्जा का बेस बनाने के लिए इंग्रीडिएंट्स
बची हुई 4 से 5 ब्रेड स्लाइस, एक कप ठंडा उबला हुआ दूध, आधा कप दही, 4 से 5 चम्मच सूजी, एक चम्मच पिज्जा मसाला, थोड़े चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक लें. इसके अलावा पिज्जा की टॉपिंग के लिए मोजरेला चीज, प्याज, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न और पनीर रख लें.
ब्रेड से पिज्जा का डो कैसे तैयार करें?
सबसे पहले एक बड़ी प्लेट में ब्रेड के सभी स्लाइस रख लें. अब इसके ऊपर दूध डालें और ब्रेड को अच्छी तरह नरम होने दें. इसके बाद इसमें दही, सूजी, पिज्जा मसाला, चिली फ्लेक्स और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस मिश्रण को करीब 30 मिनट के लिए ढककर रख दें. तय समय बाद इसे चम्मच से अच्छी तरह मिलाएं. आपका पिज्जा बेस तैयार हो जाएगा.
घर पर पिज्जा की सॉस कैसे बनाएं?
पिज्जा को स्वादिष्ट बनाने के लिए घर पर सॉस भी तैयार कर सकते हैं. इसके लिए एक पैन में लहसुन, प्याज और कटे हुए टमाटर डालकर पकाएं. टमाटर नरम होने पर उनके छिलके निकाल दें. अब इसमें नमक, पिज्जा मसाला, चिली फ्लेक्स और थोड़ा टोमैटो सॉस मिलाएं. इस मिश्रण को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें.
तवे पर कैसे बनाएं ब्रेड वाला पिज्जा?
सबसे पहले नॉनस्टिक तवे पर थोड़ा तेल लगाएं. अब तैयार मिश्रण को तवे पर डालकर चम्मच से गोल आकार दें. ऊपर से थोड़ा तेल डालें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर पकाएं. जब एक तरफ से बेस पक जाए, तो इसे पलट दें. अब इसके ऊपर पिज्जा सॉस लगाएं. फिर प्याज, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, पनीर और मोजरेला चीज डालें. तवे को दोबारा ढक दें और चीज पिघलने तक पकाएं.
बस तैयार है आपका स्वादिष्ट ब्रेड पिज्जा. इसे छोटे टुकड़ों में काटकर बच्चों और परिवार के लोगों को गर्मागर्म परोसें. यह आसान रेसिपी बची हुई ब्रेड का इस्तेमाल करने और शाम के नाश्ते के लिए अच्छा ऑप्शन है.