Leftover Roti Poha Recipe: रात की रोटियां हटाने से पहले रुकें.. केवल 5 मिनट में तैयार होगा शानदार पोहा, जानें पूरी रेसिपी

'रोटी पोहा' एक ऐसी रेसिपी है जो न सिर्फ जल्दी बन जाती है बल्कि स्वाद में भी काफी लाजवाब होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इसे पसंद करते हैं.

Roti Poha Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:48 AM IST

घर में अक्सर ऐसा होता है कि रात की कुछ रोटियां बच जाती हैं. ज्यादातर लोग इन्हें फेंकना पसंद नहीं करते और सोचते हैं कि इनका किसी तरह इस्तेमाल किया जाए. अगर आपके घर में भी बची हुई रोटियां रह जाती हैं तो आप उनसे एक बेहद स्वादिष्ट और आसान डिश तैयार कर सकते हैं. 

'रोटी पोहा' एक ऐसी रेसिपी है जो न सिर्फ जल्दी बन जाती है बल्कि स्वाद में भी काफी लाजवाब होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इसे पसंद करते हैं. सुबह के नाश्ते में या शाम की चाय के साथ यह एक बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है.

रोटी पोहा बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद साधारण सब्जियों और मसालों से ही यह डिश तैयार हो जाती है. इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और शिमला मिर्च डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. साथ ही इसमें हल्का खट्टा-मीठा स्वाद देने के लिए नींबू का रस भी मिलाया जाता है. यही वजह है कि यह डिश हल्की, हेल्दी और स्वाद से भरपूर होती है.

रोटी पोहा बनाने का आसान तरीका
रोटी पोहा बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाही या पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें. आप चाहें तो ऑलिव ऑयल या सरसों का तेल इस्तेमाल कर सकते हैं. जब तेल गरम हो जाए तो उसमें राई या सरसों डालें और उसे चटकने दें. इसके बाद करी पत्ता डालकर हल्का सा भून लें, जिससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालें और मध्यम आंच पर लगभग 2 मिनट तक भूनें. जब प्याज हल्का सुनहरा हो जाए तो इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं. इसके बाद मसाले में हल्दी पाउडर डालें और बारीक कटे टमाटर मिलाकर करीब 2 मिनट तक पकने दें, ताकि टमाटर नरम हो जाएं और मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए.

रोटियों को डालकर तैयार करें पोहा
अब बची हुई रोटियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें या हाथ से मसल लें. इन्हें तैयार मसाले में डाल दें और साथ में स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाएं. मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए लगभग 2 मिनट तक पकाएं, ताकि रोटियां मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लें और पोहा जैसा टेक्सचर बन जाए.

जब रोटी पूरी तरह मसाले के साथ मिल जाए तो गैस बंद कर दें और ऊपर से थोड़ा सा ताजा नींबू का रस डालें. इससे डिश में हल्की खटास और ताजगी आ जाती है.

परोसने का तरीका
तैयार रोटी पोहा को ऊपर से बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं. चाहें तो इसमें मूंगफली या सेव भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा. गर्मागर्म रोटी पोहा को सुबह के नाश्ते में या शाम की चाय के साथ परोसें.


 

Read more!

RECOMMENDED