Dahi Kabab: यदि आप वेज यानी शाकहारी हैं तो आज हम आपके लिए दही का कबाब की रेसिपी लेकर आए हैं. हम आपको घर पर रेस्टोरेंट और बड़े-बड़े होटल जैसा दही का कबाब बनाने की सबसे आसान विधि बता रहे हैं. दही कबाब खाने में बहुत ही टेस्टी और सॉफ्ट तो होता ही यह चंद मिनटों में बनकर तैयार भी हो जाता है. ऐसे में दही कबाब को काफी पसंद किया जाता है. दही कबाब को हरी चटनी या सॉस के साथ खाने पर मजा आ जाता है. यदि आप खाने में कुछ नया नया ट्राई करना चाहते या चाहती हैं तो दही कबाब की इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
दही के कबाब बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. दही: 1/2 कप
2. पनीर: कद्दूकस सवा कप
3. प्याज: लच्छेदार कटा 1/2 कप
4. काजू: कटे हुए 3 टेबल स्पून
5. ब्रेड का चूरा: 1/4 कप
6. लाल मिर्च पाउडर: 1 टी स्पून
7. गरम मसाला: 1 टी स्पून
8. हरी मिर्च: कटी हुई 2
9. हरी धनिया पत्ती
10. चीनी: 1 चुटकी
11. सरसों का तेल
12. नमक: स्वादानुसार
13. काला नमक: 1 चुटकी
14. भुना जीरा पाउडर: 2 टी स्पून
ऐसे बनाएं दही कबाब
दही कबाब बनाने के लिए प्याज को लच्छेदार काट लें. फिर हरी मिर्च, हरी धनिया की पत्तियों को बारीक काट लें. इसके बाद पनीर को लेकर कद्दूकस कर लें. इतना सब करने के बाद गैस या चूल्हे को जलाएं और उसपर कड़ाही को रखकर उसमें तेल डालकर गर्म करें. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें प्याज डालें और इसे हल्का फ्राई कर लें. फिर फ्राइड प्याज को एक बाउल में निकालकर रख लें. अब एक दूसरी बाउल में लें और उसमें दही डालकर अच्छी तरह से फेंट लें. फिर इस दही में कद्दूकस किया हुआ पनीर मिला दें. पनीर को अच्छी तरह से दही में मिक्स करने के बाद इसमें फ्राइड प्याज, ब्रेड का चूरा डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें. इसके बाद इस मिश्रण में बारीक कटे काजू, हरी धनिया की पत्तियां, हरी मिर्च डालकर मिलाएं. फिर इसमें लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और एक चुटकी चीनी, भुना जीरा पाउडर, काला नमकर और स्वादानुसार सफेद नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर मिश्रण तैयार कर लें. आपको मालूम हो कि दही बहुत गाढ़ा होना चाहिए.
अब अपने हाथों पर हल्का सा सरसों का तेल लगाएं और थोड़ा-थोड़ा मिश्रण को लेकर आलू की टिक्की के आकार में कबाब बना लें. अब हर कबाब को ब्रेड के चूरे में डालकर अच्छी तरह से लपेट लें ताकि तेल में फ्राई करते समय यह टूटे नहीं. कबाब को प्लेट में अलग-अलग रखते जाएं. इतना करने के बाद इस कबाब से भरे प्लेट को 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे कबाब अच्छे से सेट हो जाएगा. अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद फ्रिज से दही कबाब को निकालकर सीधे गर्म तेल में डालें. इसे गोल्डन ब्राउन होने तक तलें. इसके बाद इस दही कबाब को प्लेट में निकाल लें. इस तरह से दही कबाब खाने के लिए तैयार है. आप इस दही कबाब को हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व करें. इस दही कबाब को खाने के बाद हर कोई आपसे इसकी रेसिपी जानना चाहेगा.