Mango Panna Recipe: आम को फलों का राजा कहा जाता है. गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही बाजार में आम भी दिखने लगते हैं. मीठे आम जहां सबको लुभाते हैं, वहीं कच्चे आम से भी तरह-तरह की रेसिपी बनाई जाती है. आज हम आपको आम पन्ना बनाने का एकदम आसान तरीका बता रहे हैं.
आप घर पर कच्चे आम से सिर्फ 5 मिनट में आम पन्ना बनाकर पी सकते हैं. आम पन्ना न सिर्फ रिफ्रेशिंग ड्रिंक है बल्कि यह कई गुणों से भी भरपूर होता है. गर्मी में आम पन्ना शरीर के तापमान को स्थिर रखने में मदद करता है. आम पन्ना लू लगने से बचाव करता है. आम पन्ना में विटामिन सी, आयरन और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है. आम पन्ना पाचन तंत्र को ठीक रखता है. आम पन्ना शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को बनाए रखता है. गर्मी के मौसम में आम पन्ना पीने से तुरंत एनर्जी मिलती है.
आम पन्ना के लिए जरूरी सामग्री
1. दो से तीन कच्चे आम
2. आधा कप ताजी पुदीने की पत्तियां
3. आधा कप चीनी या गुड़ (स्वादानुसार)
4. एक चम्मच भुना जीरा पाउडर
5. एक चम्मच काला नमक
6. आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
7. स्वादानुसार सादा नमक
8. ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े
ऐसे बनाएं आम पन्ना
सबसे पहले कच्चे आम को पानी में धो लें. इसके बाद चूल्हा या गैस को जलाएं और उसपर कुकर चढ़ाकर उसमें पानी और कच्चे आम को डालकर दो से तीन सीटी आने तक उबालें. फिर गैस को बंद कर दें. कुकर से सीटी निकल जाने और आम को ठंडा होने पर इनका छिलका उतारकर सारा पल्प (गूदा) एक बर्तन में निकाल लें. अब आम पन्ना में डालने के लिए मिश्रण तैयार करें. एक मिक्सर में आम का पल्प, पुदीने की पत्तियां, चीनी या गुड़ और थोड़ा पानी डालकर स्मूथ पेस्ट बना लें. इसके बाद इस पेस्ट में भुना जीरा पाउडर, काला नमक, काली मिर्च और सादा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इस मिश्रण को एक गिलास में निकालें और उसमें ठंडा पानी मिलाएं. ऊपर से बर्फ के टुकड़े डालें. इसके बाद पुदीने की पत्ती से सजाकर आम पन्ना को ठंडा-ठंडा पीएं और मेहमानों को परोसें.