आलू-गोभी, आलू-बैंगन, आलू-परवल की सब्जी तो आपने खाई ही होंगी. हम आपको आज एकदम कम तेल और मसाले में मेथी के पत्ते और आलू की सब्जी बनाने की विधि बता रहे हैं. मेथी के पत्ते और आलू की सब्जी खाने में जहां स्वादिष्ट तो लगती ही हैं, वहीं यह सेहत के लिए भी बहुत अच्छी होती है. मेथी की हल्की कड़वाहट और आलू की नरम मिठास का संयोजन इस सब्जी को खास स्वाद देता है. यदि आपने मेथी-आलू की सब्जी नहीं बनाई है, तो आज ही इसे अपनी रसोई में बनाकर देखें और इसके लाजवाब स्वाद का आनंद लें.
मेथी और आलू की सब्जी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. मेथी के ताजे पत्ते: आधा किलोग्राम (अच्छी तरह साफ और कटे हुए)
2. आलू: 250 ग्राम (छिले और कटे हुए)
3. प्याज: 2 (बारिक कटी हुई)
4. हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
5. टमाटर: 2 (कटे हुए)
6. लहसुन की 4 कली
5. अदरक: 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
6. सूखी साबुत लाल मिर्च:2
7. सरसों का तेल: 2 चम्मच
8. जीरा: 1 चम्मच
9. लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच
10. हल्दी पाउडर: आधा चम्मच
11. देसी घी: 1 चम्मच
12. गार्निशिंग के लिए हरा धनिया
13. धनिया पाउडर: 1 चम्मच
14. हींग: एक चुटकी
15. नमक: स्वादानुसार
सब्जी बनाने की ऐसे करें तैयारी
मेथी और आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले आपको मेथी के पत्तों को अच्छी तरह साफ करना होगा. आपको मालूम हो कि कई बार मेथी के पत्तों में मिट्टी या धूल होती है, इसलिए इसे दो से तीन बार पानी से जरूर धोना चाहिए. मेथी के पत्तों को धोने के बाद इसे बारीक काट लें. यदि आप मेथी की कड़वाहट कम करना चाहते हैं तो कटे हुए पत्तों पर थोड़ा नमक डालकर 10 मिनट के लिए रख दें और फिर हल्के से निचोड़ लें. अब आलू को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कोशिश करें कि सभी टुकड़े लगभग एक समान आकार के हों, ताकि वे एकसमान पकें. आलुओं में छेद भी कर दें. अब प्याज, हरी मिर्च, टमाटर, लहसुन की कली, अदरक का टुकड़े को बारीक काटकर रख लें. मेथी-आलू की सब्जी में देसी टमाटर का इस्तेमाल करें, इनके खट्टेपन से मेथी की कड़वाहट दूर होती है.
मेथी और आलू की ऐसे बनाएं सब्जी
मेथी, आलू और सभी सब्जियों को काटने के बाद अब सब्जी बनाना शुरू करें. कढ़ाही या पैन को गैस पर मध्यम आंच पर रखें और उसमें तेल गर्म करें. तेल जब गर्म हो जाए, तब उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो उसमें हींग डालें. इसके बाद कटी हुई हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर हल्का सा भून लें. अब कटे हुए आलू कढ़ाही में डालें और उन्हें 3-4 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इससे आलू का स्वाद और बेहतर हो जाता है. इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें. इतना करने के बाद इसमें कटे हुए मेथी के पत्ते डालें. शुरुआत में मेथी की मात्रा ज्यादा लगेगी, लेकिन पकने के बाद यह कम हो जाती है. सब्जी को अच्छे से मिलाएं ताकि मसाले हर जगह समान रूप से लग जाएं.
अब स्वादानुसार नमक डालें और कढ़ाही को ढक दें. धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं. यदि जरूरत हो तो थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं, लेकिन कोशिश करें कि सब्जी सूखी ही बने. आलू जब पूरी तरह नरम हो जाएं और मेथी अच्छी तरह पक जाए, तब गैस बंद कर दें. इसमें 1 चम्मच देसी घी भी डाल दें. इस तरह से आपकी स्वादिष्ट मेथी-आलू की सब्जी खाने के लिए तैयार है. इस मेथी-आलू की सब्जी के ऊपर धनिया डालकर सर्व करें. कुछ लोग मेथी की सब्जी बन जाने के बाद इसमें नींबू का रस भी डालते हैं, जिससे हल्की खटास आ जाती है. आप मेथी-आलू की सब्जी को गरमा-गरम रोटी, पराठा या दाल-चावल के साथ खा सकते हैं. मेथी में आयरन, कैल्शियम और फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है. यह पाचन को बेहतर बनाती है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है. आलू ऊर्जा का अच्छा स्रोत है और शरीर को तुरंत ताकत देता है.