Homemade raisins
Homemade raisins
बादाम, काजू और पिस्ता की तरह किशमिश भी लोगों की पसंदीदा चीजों में शामिल है. चाहे खीर हो, हलवा हो या कोई मिठाई थोड़ी सी किशमिश डालते ही स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई इसे पसंद करता है. लेकिन बाजार में अच्छी क्वालिटी की किशमिश के बढ़ते दाम अक्सर लोगों की जेब पर भारी पड़ते हैं. ऐसे में अगर आप घर पर ही बिना किसी केमिकल और मशीन के किशमिश बना सकें, तो यह न सिर्फ किफायती होगा बल्कि सेहत के लिए भी बेहतर रहेगा. तो चलिए आपको बताते हैं कि घर पर किशमिश कैसे बना सकते हैं.
सही अंगूर का चयन है जरूरी
किशमिश बनाने के लिए हमेशा मीठे और ताजे अंगूर ही लें, क्योंकि अंगूर जितने मीठे होंगे, किशमिश भी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी.
अंगूर को अच्छी तरह धोएं
अंगूर को सबसे पहले साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक बर्तन में पानी लें और उसमें थोड़ा सा खाने वाला सोडा या विनेगर मिला दें. अब अंगूर को इस पानी में 5–7 मिनट तक डालकर हल्के हाथों से साफ करें. इससे अंगूर पर मौजूद गंदगी और केमिकल पूरी तरह निकल जाते हैं.
डंठल से अलग कर सुखाएं
धोने के बाद अंगूर को एक प्लेट में निकालकर डंठल से अलग कर लें. इसके बाद इन्हें कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें, ताकि अतिरिक्त पानी सूख जाए. यह स्टेप बहुत जरूरी है, क्योंकि गीले अंगूर सही तरीके से सूख नहीं पाते.
स्टीम करने का सही तरीका
किशमिश बनाने के लिए अंगूर को उबालने की बजाय हल्की स्टीम देना बेहतर होता है. इसके लिए एक कढ़ाई या स्टीमर में थोड़ा पानी डालें और ऊपर जाली या छलनी रख दें. अब अंगूर को इसमें डालकर 4–5 मिनट तक स्टीम करें. जब अंगूर का रंग थोड़ा बदलने लगे और हल्के कट नजर आने लगें, तो उन्हें तुरंत निकाल लें. ज्यादा देर स्टीम करने से किशमिश का रंग काला पड़ सकता है.
धूप में सुखाकर करें तैयार
अब स्टीम किए हुए अंगूर को एक साफ कपड़े पर फैलाकर तेज धूप में रख दें. ऐसी जगह चुनें जहां अच्छी धूप आती हो. कुछ दिनों में अंगूर पूरी तरह सूख कर स्वादिष्ट किशमिश में बदल जाएंगे. इस आसान तरीके से आप घर पर ही शुद्ध, स्वादिष्ट और किफायती किशमिश बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें: