Advertisement

घर में घुस रहे जहरीले सांप से भिड़ गया पालतू कुत्ता, परिवार की बचाई जान लेकिन वफादारी निभाते-निभाते टॉमी ने गंवा दी जिंदगी

टॉमी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है. अंतिम विदाई देते हुए परिजनों ने उसे नम आंखों से मिट्टी में दफना दिया. क्षेत्र में भी इस घटना की चर्चा है और लोग टॉमी की बहादुरी व वफादारी को सलाम कर रहे हैं.

Pet Dog Tommy
अनिल कुमार गुप्ता
  • बलिया,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:40 AM IST

पालतू जानवर सिर्फ घर की रखवाली ही नहीं करते, बल्कि कई बार अपने परिवार के लिए जान की बाजी भी लगा देते हैं. ऐसा ही एक भावुक मामला उभांव क्षेत्र से सामने आया, जहां 9 साल से परिवार के साथ रह रहा पालतू कुत्ता 'टॉमी' घर में घुस रहे जहरीले सांप से भिड़ गया. उसने पहले लगातार भौंककर परिवार को खतरे से आगाह किया और फिर सांप से लड़ता रहा. आखिरकार सांप तो मर गया, लेकिन जहरीले डंस के कारण टॉमी भी अपनी जान नहीं बचा सका.

घर में घुस रहा था जहरीला सांप
परिजनों के अनुसार, रविवार तड़के करीब दो बजे एक विषैला सांप उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. उसी दौरान घर के बाहर मौजूद टॉमी की नजर सांप पर पड़ गई. उसने लगातार भौंकना शुरू किया, जिससे परिवार के लोगों की नींद खुल गई और उन्हें खतरे का अंदाजा हो गया.

करीब एक घंटे तक चलता रहा संघर्ष
परिवार का कहना है कि टॉमी ने केवल भौंककर चेतावनी ही नहीं दी, बल्कि वह सांप से भिड़ भी गया. दोनों के बीच लगभग एक घंटे तक संघर्ष चलता रहा. आखिरकार टॉमी ने सांप को मार गिराया और उसे घर के अंदर जाने से रोक दिया. हालांकि इस दौरान सांप ने टॉमी को कई बार डंस लिया, जिससे उसके शरीर में जहर फैल गया.

परिवार की जान बची लेकिन टॉमी नहीं बच सका
सांप को मारने के करीब एक घंटे बाद टॉमी की तबीयत बिगड़ने लगी. जहरीले डंस का असर इतना ज्यादा था कि उसने दम तोड़ दिया. परिजनों का कहना है कि अगर टॉमी उस रात बहादुरी नहीं दिखाता, तो सांप घर के अंदर पहुंच सकता था और परिवार के किसी सदस्य की जान खतरे में पड़ सकती थी.

9 साल तक निभाई घर की जिम्मेदारी
परिवार ने बताया कि टॉमी पिछले नौ वर्षों से उनके साथ था. वह हमेशा घर की रखवाली करता था और हर अनजान आहट पर सतर्क हो जाता था. उसकी वफादारी और समझदारी की वजह से पूरा परिवार उस पर भरोसा करता था. उस रात भी उसने अपने कर्तव्य को आखिरी सांस तक निभाया और परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी.

नम आंखों से दी अंतिम विदाई
टॉमी की मौत के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी और घर के पास ही दफना दिया. स्थानीय लोग टॉमी की बहादुरी और वफादारी की मिसाल दे रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि इंसानों और पालतू जानवरों के बीच भरोसे और अपनापन का रिश्ता कितना गहरा होता है, यह घटना उसकी सबसे बड़ी मिसाल है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement