Advertisement

पंजाबी प्याज पराठे खाने का रखते हैं शौक, इस तरह बना कर देखें, फटेगा नहीं और हलवाई भी रेसिपी देख हो जाएंगे हैरान

खाया है इस तरह से बना हलवाई से भी अच्छा प्याज का पराठा? आज हम आपको वह-वह सीक्रेट बताना जा रहे हैं, जिससे ये हलवाइयों से भी अच्छा बनेगा.

पंजाबी प्याज के पराठे
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:42 PM IST

अगर आपको पंजाब के ढाबे वाले मसालेदार और खस्ता प्याज पराठे खाने का शौक है, तो अब उसके लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कई बार घर पर प्याज का पराठा बनाते समय सबसे बड़ी दिक्कत ये होती है कि स्टफिंग बाहर निकल जाती है या पराठा गीला पड़ जाता है. लेकिन अगर कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो घर पर भी बिल्कुल ढाबा स्टाइल प्याज पराठा तैयार किया जा सकता है. इसका स्वाद इतना जबरदस्त होता है कि मक्खन, दही या अचार के साथ खाने का मजा दोगुना हो जाता है.

पराठे के लिए क्या-क्या चाहिए?
सबसे पहले आटा तैयार करने के लिए 2 कप गेहूं का आटा लें. इसमें स्वाद के अनुसार नमक, आधा छोटा चम्मच अजवाइन और 1 बड़ा चम्मच देसी घी या तेल डालें. इससे पराठा खस्ता बनता है. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें और करीब 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें.

अब बारी आती है स्टफिंग की. इसके लिए 3 मध्यम आकार के प्याज बारीक काट लें. साथ में 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक और थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच आमचूर पाउडर और 1 छोटा चम्मच कुटा हुआ अनारदाना डालें.


स्टफिंग का सबसे जरूरी सीक्रेट
ढाबा स्टाइल स्वाद लाने के लिए स्टफिंग में 1 से 2 बड़े चम्मच भुना हुआ बेसन जरूर मिलाएं. यही छोटा सा सीक्रेट प्याज का एक्स्ट्रा पानी सोख लेता है, जिससे पराठा बेलते समय फटता नहीं है. एक बात का खास ध्यान रखें कि नमक हमेशा सबसे आखिर में डालें, क्योंकि नमक डालते ही प्याज पानी छोड़ने लगता है.

ऐसे भरें और बेलें पराठा
अब आटे की लोई बनाकर उसे बेल लें. बीच में 2 चम्मच तैयार स्टफिंग रखें और किनारों को उठाकर पोटली की तरह बंद कर दें. इसके बाद सूखे आटे में लपेटकर धीरे-धीरे बेलें. ज्यादा दबाव डालने से स्टफिंग बाहर आ सकती है.

तवे पर ऐसे सेकें कि बने ढाबा स्टाइल
गर्म तवे पर पराठा डालें और एक तरफ सिकने पर पलट दें. अब ऊपर से थोड़ा घी या तेल लगाएं और दोनों तरफ सुनहरा होने तक पकाएं. ध्यान रखें कि पराठा मीडियम से हाई फ्लेम पर ही सेंकें. धीमी आंच पर पराठा सख्त हो जाता है और ढाबे वाला स्वाद नहीं आता.

स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
अगर आप चाहते हैं कि पराठा बिल्कुल होटल या हलवाई जैसा लगे, तो प्याज को हमेशा बहुत बारीक काटें. अनारदाना डालना बिल्कुल न भूलें, क्योंकि इससे हल्का खट्टा-मीठा स्वाद आता है, जो पंजाबी ढाबों के पराठों की खास पहचान होती है.
गरमा-गरम प्याज पराठे पर थोड़ा मक्खन रखें और दही या अचार के साथ खाएं. यकीन मानिए, एक बार इस तरीके से बना लिया तो बार-बार यही रेसिपी बनाने का मन करेगा.

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement