Paneer Ghee Roast Recipe: खास पनीर के दीवानों के लिए, मसालों की जुगलबंदी के साथ.. तैयार करें ये डिश, हो जाएगा चिकन भी फेल

आज हम आपके लिए साउथ इंडिया की एक खास डिश 'घी रोस्ट पनीर' लेकर आए हैं. यह डिश पनीर लवर्स के लिए खास है. साथ ही यह 'घी रोस्ट चिकन' से प्रेरित है.

Paneer Ghee Roast Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:24 PM IST

अगर आप पनीर के दीवाने हैं और हर बार कुछ नया ट्राई करने की चाह रखते हैं, तो पनीर घी रोस्ट आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह एक मसालेदार और फ्लेवरफुल डिश है, जो चिकन घी रोस्ट का वेजिरेटियन रूप है. इसकी खासियत इसका तीखा और खट्टा-मीठा स्वाद है, जो इसे बाकी पनीर डिशेज़ से अलग बनाता है. इसे आप नीर डोसा, डोसा या लच्छा पराठा के साथ सर्व कर सकते हैं और घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पा सकते हैं.

इस रेसिपी की शुरुआत पनीर को मैरीनेट करने से होती है. सबसे पहले पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक बाउल में पनीर के साथ नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं और करीब 20 मिनट के लिए अलग रख दें. इससे पनीर में हल्का खट्टापन और स्वाद अच्छी तरह समा जाएगा.

मसालों का गाढ़ा और खुशबूदार पेस्ट
पनीर घी रोस्ट का असली स्वाद इसके मसाले में छिपा होता है. इसके लिए सबसे पहले कश्मीरी सूखी लाल मिर्च को हल्की आंच पर कुछ मिनट भून लें. इसके बाद धनिया, जीरा, सौंफ, मेथी दाना, लौंग और काली मिर्च को भी खुशबू आने तक ड्राई रोस्ट करें. अब इन सभी भुने मसालों को थोड़ा पानी डालकर मिक्सर में पीस लें और एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.

घी में करें तैयार मसालेदार करी
एक कड़ाही में घी गरम करें और मैरीनेट किए हुए पनीर के टुकड़ों को हल्का फ्राई करके अलग निकाल लें. उसी कड़ाही में कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ मिनट तक पकाएं. इसके बाद तैयार मसाला पेस्ट, इमली का गूदा, फेंटा हुआ दही और हल्दी डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर धीमी आंच पर पकने दें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छे से निकल आए.

धीमी आंच पर आएगा असली स्वाद
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें मैरीनेट किया हुआ पनीर और थोड़ा पानी डालें. इसे धीमी आंच पर कुछ देर और पकाएं ताकि पनीर मसाले को अच्छे से सोख ले. अंत में इसमें गुड़ और करी पत्ते डालकर तब तक पकाएं जब तक घी ऊपर न दिखने लगे. यही स्टेप इस डिश को खास बनाता है.

इस खास तरह से करें सर्व 
गरमा-गरम पनीर घी रोस्ट को ताजे करी पत्तों से सजाकर नीर डोसा, डोसा या लच्छा पराठा के साथ परोसें. इसका तीखा, खट्टा और हल्का मीठा स्वाद हर किसी को जरूर पसंद आएगा.

 

Read more!

RECOMMENDED