आपने आलू के पराठे कई तरह से खाए होंगे, लेकिन यह पराठा थोड़ा अलग है. इसका स्वाद साधारण पराठे से अलग और बहुत अच्छा लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर के बच्चे भी इसे शौक से खा लेते हैं. नाश्ते या शाम के हल्के खाने के लिए यह पराठा अच्छा ऑप्शन बन सकता है. अगर घर में कुछ अलग बनाने का मन हो, तो इस आसान तरीके से आलू का पराठा बनाया जा सकता है.
इस पराठे की खासियत यह है कि इसमें आलू का स्वाद अच्छी तरह मिलता है और हल्के मसाले इसे और स्वादिष्ट बना देते हैं. तवे पर सेंकने के बाद यह बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम बनता है. इसे आप दही, चटनी या सॉस के साथ भी खा सकते हैं.
पराठा बनाने के लिए जरूरी सामान
- उबले हुए आलू - 2
- मैदा -1 कप
- हरी धनिया - बारीक कटी हुई
- हरी मिर्च - 1 बारीक कटी हुई (अगर बच्चे तीखा नहीं खाते तो न डालें)
- अजवाइन - आधी चम्मच
- कलौंजी - आधी चम्मच
- जीरा -1 चम्मच
- अंडा - 1
- नमक - स्वाद अनुसार
- घी - लगभग आधा चम्मच
आटा तैयार करने का तरीका
- सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छे से छीलकर एक बर्तन में मसल लें जिससे उसमें गाठें न रहें. अब इसमें मैदा डालें और साथ में नमक, जीरा, अजवाइन और कलौंजी मिला दें. इसके बाद बारीक कटी हुई हरी धनिया और हरी मिर्च डालें.
- अब इसमें एक अंडा डालकर सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, क्योंकि इससे पराठा बेलने में दिक्कत हो सकती है. आटा तैयार होने के बाद इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए.
पराठा सेंकने का तरीका
- अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोई बना लें. हर लोई को हाथ से बेलकर पराठे का आकार दें. तवा मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर बेला हुआ पराठा डाल दें.
- जब पराठा एक तरफ से सिक जाए तो उसे पलट दें और ऊपर से थोड़ा सा घी लगा दें. दूसरी तरफ भी हल्का घी लगाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. पराठा सुनहरा होने तक सेकें.
- तवे से उतारकर गरम-गरम पराठा परोसें. यह आलू का पराठा स्वाद में अलग लगता है और बच्चे भी इसे बिना नखरे किए खा लेते हैं. इसे नाश्ते या टिफिन में भी दिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें