12 महीने फल देता है ये सदाबहार आम, इसे दूर-दूर से देखने आते हैं लोग

यूपी के सहारनपुर में एक खास किस्म के आम के पेड़ की चर्चा है. इसका खास किस्म के पेड़ का नाम सदाबहार है. यह पेड़ साल के 12 महीने फल देता है. यह स्पेशल किस्म खूब पसंद किया जा रहा है.

Unique Mango Tree
राहुल कुमार
  • सहारनपुर,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:00 PM IST

आम की बात हो और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं है. देशभर में अपनी बेहतरीन आम की किस्मों के लिए पहचान रखने वाले सहारनपुर में एक ऐसा खास आम का पेड़ भी मौजूद है, जो अपनी अनोखी खूबियों की वजह से लोगों को हैरान कर देता है. इस आम की वैरायटी का नाम ‘सदाबहार’ है. इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह आम का पेड़ केवल आम के मौसम में ही नहीं, बल्कि साल के पूरे 12 महीने फल देता है. यही वजह है कि यह वैरायटी किसानों, बागवानों और आम प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

कैसा है सदाबहार आम का पेड़?
सदाबहार आम का पेड़ आकार में अन्य आम के पेड़ों की तुलना में काफी छोटा होता है, लेकिन इसकी उत्पादकता बेहद खास है. इस पेड़ पर एक ही समय में बौर, छोटे फल और पकने के लिए तैयार आम एक साथ दिखाई देते हैं. आमतौर पर अन्य आम के पेड़ों में फल आने का एक निश्चित समय होता है, लेकिन सदाबहार आम इस परंपरा को तोड़ता नजर आता है. इसका आकर्षक स्वरूप, बड़े आकार के फल और शानदार मिठास इसे बाकी आमों से अलग पहचान देते हैं. यही कारण है कि दूर-दूर से लोग इस अनोखी वैरायटी को देखने के लिए सहारनपुर पहुंचते हैं.

प्रकृति कुंज में कई दुर्लभ पौधे संरक्षित-
सहारनपुर के प्रकृति प्रेमी किसान राजेंद्र अटल ने बताया कि उनके प्रकृति कुंज में कई दुर्लभ और विशेष पौधे संरक्षित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि सदाबहार आम का यह पेड़ अब तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है और पिछले वर्ष भी इसने लगातार फल दिए थे. इस समय भी पेड़ पर नई बौर आ रही है, छोटे-छोटे फल लगे हुए हैं और कुछ फल पकने की अवस्था में पहुंच चुके हैं. सबसे खास बात यह है कि यह पेड़ पूरी तरह ऑर्गेनिक तरीके से तैयार किया गया है. इसकी खेती में किसी रासायनिक खाद या केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता, फिर भी यह शानदार उत्पादन देता है.

विशेष किस्म के 20 पेड़-
राजेंद्र अटल के अनुसार उनके पास इस विशेष किस्म के करीब 20 पेड़ हैं और वे कलम के माध्यम से इसके नए पौधे भी तैयार कर रहे हैं. इच्छुक लोग 300 से 400 रुपये में इसका पौधा प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि यह आम स्वाद में बेहद मीठा, खुशबूदार और देखने में आकर्षक होता है. यही वजह है कि इसे खाने वाले लोग इसकी तारीफ किए बिना नहीं रहते. किसानों के लिए भी यह वैरायटी आय बढ़ाने का अच्छा माध्यम बन सकती है, क्योंकि सालभर फल देने की क्षमता इसे आर्थिक रूप से लाभकारी बनाती है. सहारनपुर का यह सदाबहार आम न केवल अपनी मिठास बल्कि अपनी अनोखी प्रकृति के कारण भी आमों की दुनिया में एक अलग और खास पहचान बना रहा है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED