बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम पराठे और चाय का स्वाद दोगुना हो जाता है. ऊपर से अगर गरमागरम चाय के साथ सत्तू का पराठा और अचार मिल जाए. मसालेदार सत्तू की स्टफिंग, घी में सिके कुरकुरे पराठे और साथ में आम का अचार व गरम चाय. इतना सुनते ही आ गया न मुंह में पानी? यह कॉम्बिनेशन बरसात के मौसम को और भी यादगार बना सकता है.
सत्तू का पराठा बनाने का सामान
आटा गूंथने के लिए आपको चाहिए-
2 कप गेहूं का आटा
1 छोटा चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
जरूरत अनुसार पानी
स्टफिंग के लिए लीजिए-
1 कप सत्तू
1 बारीक कटा प्याज
2-3 हरी मिर्च बारीक कटी
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटा चम्मच अदरक कद्दूकस
1 छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच कलौंजी (वैकल्पिक)
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच अचार का मसाला
1-2 चम्मच सरसों का तेल
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
सेंकने के लिए-
घी या तेल
सबसे पहले तैयार करें आटा
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, नमक और थोड़ा तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए.
मसालेदार सत्तू की स्टफिंग ऐसे बनाएं
एक बाउल में सत्तू लें. इसमें प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक, अजवाइन, कलौंजी, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च, हल्दी, अचार का मसाला और नमक डालें. अब इसमें सरसों का तेल और नींबू का रस मिलाएं. अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो 1-2 चम्मच पानी छिड़ककर अच्छी तरह मिला लें. स्टफिंग नम रहे, लेकिन गीली नहीं होनी चाहिए.
पराठे में भरें स्टफिंग
गूंथे हुए आटे की बराबर लोइयां बना लें. एक लोई को हल्का बेलें और बीच में 2-3 चम्मच सत्तू की स्टफिंग रखें. किनारों को अच्छी तरह बंद करें और हाथ से दोबारा बेल लें. ध्यान रखें कि स्टफिंग बाहर न निकले.
तवे पर ऐसे सेंकें पराठा
मध्यम आंच पर तवा गर्म करें. बेला हुआ पराठा तवे पर डालें और दोनों तरफ सिकने दें. अब दोनों तरफ घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. जब पराठे पर भूरे चित्ते दिखाई देने लगें, तब उसे तवे से उतार लें.
ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम सत्तू के पराठे को आम के अचार, दही, हरी धनिया की चटनी या मक्खन के साथ परोस सकते हैं. बारिश के मौसम में अदरक वाली गरम चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
परफेक्ट सत्तू पराठा बनाने के टिप्स
स्टफिंग में सरसों का तेल जरूर डालें, इससे असली स्वाद आता है.
अचार का मसाला मिलाने से पराठे का फ्लेवर और भी चटपटा हो जाता है.
स्टफिंग बहुत सूखी या बहुत गीली न रखें, वरना पराठा बेलते समय फट सकता है.
पराठे को हमेशा मध्यम आंच पर सेंकें, ताकि वह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए.
चाहें तो स्टफिंग में बारीक लहसुन या थोड़ा सा भुना हुआ जीरा भी मिला सकते हैं.
ये भी पढ़ें