Reduce electricity bill at home: गर्मी में आएगा बिजली का बिल आधा, आज ही बदल दें घर की ये कुछ चीजें

Tips to reduce electricity bill at home गर्मियों में पंखा, कूलर और एसी लगातार चलने से बिजली का बिल तेजी से बढ़ जाता है. लेकिन अगर घर की कुछ चीजों में छोटे-छोटे बदलाव कर लिए जाएं, तो बिल को काफी हद तक कम किया जा सकता है. सही उपकरण, समय पर सर्विसिंग और कुछ स्मार्ट आदतें अपनाकर आप आराम भी पा सकते हैं और बिजली का खर्च भी बचा सकते हैं.

गर्मी में आएगा बिजली का बिल आधा
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:23 PM IST
  • बिजली बिल बचाने के कमाल के तरीके
  • कुछ चीजें उठाती हैं कम बिजली

गर्मी शुरू होते ही हर घर में सबसे बड़ी चिंता बिजली के बिल की होती है. दिन-रात पंखे, कूलर और एसी चलते रहते हैं, जिससे महीने के आखिर में 7 से 8 हजार का बिल देखकर झटका लग जाता है. कई बार हम सोचते हैं कि बिल में बचत कैसे हो, लेकिन सिर्फ सोचते रह जाते हैं. लेकिन कुछ आसान बदलाव आपके बिल को लगभग आधा कर सकते हैं. घर में इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों को बदलकर और थोड़ी सावधानी रखकर आप बिना गर्मी झेले खर्च कम कर सकते हैं.

BLDC पंखे लगाएं
अगर अभी भी घर में पुराने पंखे लगे हैं, तो उन्हें BLDC पंखों से बदलना बिजली के बचत में मदद करेगा. ये पंखे सामान्य पंखों की तुलना में काफी कम बिजली खर्च करते हैं. जहां पुराने पंखे 70 से 80 वॉट तक बिजली लेते हैं, वहीं BLDC पंखे लगभग 28 से 35 वॉट में ही अच्छे से चलते हैं. अगर घर में 3 से 4 पंखे हैं और पूरे दिन चलते हैं, तो सिर्फ इसी बदलाव से बिल में अच्छी बचत दिखने लगेगी.

इन्वर्टर एसी और 5 स्टार मॉडल चुनें
गर्मी में एसी सबसे ज्यादा बिजली खपत करता है. इसलिए अगर नया एसी लेने का सोच रहे हैं, तो 5 स्टार इन्वर्टर एसी ही लें. इन्वर्टर एसी कमरे के तापमान के हिसाब से खुद अपनी कूलिंग एडजस्ट करता है, जिससे बार-बार कंप्रेसर ऑन-ऑफ नहीं होता. इससे बिजली की खपत कम होती है और बिल भी कंट्रोल में रहता है. शुरुआत में इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा लग सकती है, लेकिन लंबे समय में यही सबसे ज्यादा बचत कराता है.

LED लाइट का इस्तेमाल करें
घर में अभी भी अगर पुरानी CFL या बल्ब लगे हैं, तो उन्हें तुरंत LED लाइट से बदल दें. LED लाइट कम बिजली में ज्यादा रोशनी देती है और लंबे समय तक चलती भी है. छोटी सी लगने वाली यह चीज महीने के बिल में बड़ा फर्क डाल सकती है, खासकर अगर घर में कई कमरे हैं और लाइट्स लंबे समय तक जलती रहती हैं.

समय पर एसी और कूलर की सर्विसिंग
कई बार बिल बढ़ने की वजह सिर्फ मशीनों की खराब परफॉर्मेंस होती है. एसी के फिल्टर में धूल जम जाए या कूलर की घास खराब हो जाए, तो मशीन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है. इसलिए गर्मी शुरू होते ही एसी और कूलर की सर्विसिंग जरूर करा लें. साफ फिल्टर और सही गैस लेवल से मशीन जल्दी ठंडक देती है और बिजली कम खाती है.

एसी चलाते समय खिड़की और पर्दों का ध्यान रखें
एसी चलाते वक्त सबसे जरूरी बात है कि कमरे को अच्छी तरह बंद रखा जाए. खिड़कियों पर मोटे पर्दे लगाएं और धूप को अंदर आने से रोकें. सीधी धूप कमरे को जल्दी गर्म कर देती है, जिससे एसी को ज्यादा मेहनत करना पड़ता है, जिससे भी बिजली की खपत बढ़ जाती है. अगर पर्दे अच्छे से लगे होंगे, तो कमरा जल्दी ठंडा होगा और बिजली की खपत भी कम होगी.


छोटी-छोटी आदतें जैसे एसी को 24-26 डिग्री पर चलाना, खाली कमरे में पंखा-लाइट बंद रखना और दिन में नेचुरल रोशनी का इस्तेमाल करना भी बिल कम करने में बहुत मदद करता है. थोड़ी समझदारी और सही चीजों का चुनाव आपके बिजली बिल को सच में आधा कर सकता है. 

 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED