Advertisement

जिस महिला की हत्या की हो रही थी जांच, वो 20 दिन बाद मिली जिंदा, कैसे Instagram ने खोला राज?

जिस महिला की हत्या की आशंका की जांच झारखंड पुलिस कर रही थी, वो महिला सूरत में छुपकर रह रही थी. एक दिन महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाल दिया. इसके बाद उसका राज खुल गया. गुजरात पुलिस ने उसे बरामद किया और झारखंड पुलिस को सौंप दिया.

Surat News
संजय सिंह राठौर
  • सूरत,
  • 17 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:26 PM IST

गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां झारखंड पुलिस जिस विवाहिता को मृत मानकर उसकी हत्या की आशंका में जांच कर रही थी, वह महिला सूरत में जीवित और सुरक्षित मिली है. सूरत की पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लापता विवाहिता को खोज निकाला. महिला के जीवित मिलने के बाद झारखंड में दर्ज हत्या के मामले की जांच में बड़ा मोड़ आ गया है. अब झारखंड पुलिस जीवित सूरत से लेकर रवाना हो गई है. महिला के जीवित होने का प्रमाण पुलिस और महिला के ससुराल वालों को उसकी इंस्टाग्राम आईडी से मिला था.

पिता ने की थी हत्या की शिकायत-
झारखंड के रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर खलारी थाना पुलिस ने महिला के पति समेत दो नामजद आरोपियों और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. 

साल 2010 में हुई थी महिला की शादी-
खलारी पुलिस थाने में दर्ज हुई FIR के मुताबिक शिकायतकर्ता 65 साल के छट्टू गोप चतरा के टंडवा ग्वाला टोली के रहने वाले हैं. उन्होंने अपनी 36 वर्षीय बेटी विणी देवी उर्फ विणा देवी की शादी वर्ष 2010 में रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र के चुरी दक्षिणी बस्ती निवासी सामु महतो, पिता बंधु महतो के साथ हिंदू रीति-रिवाज से कराई थी. दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।शिकायत में पिता ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उनका दामाद सामु महतो उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था. इस संबंध में उन्होंने 30 अगस्त 2026 को खलारी थाने में सनहा दर्ज कराया था.

पति पर लगा था पत्नी की हत्या का आरोप-
झारखंड के खलारी थाने में दर्ज शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि 24 अगस्त 2026 को सामु महतो ने अपने साथी अनिकेत यादव के साथ मिलकर उनकी बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके शव को छिपा दिया. पिता ने पुलिस से अपनी बेटी के शव को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी. FIR में सामु महतो, अनिकेत यादव और घर के अन्य सदस्यों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं.

सूरत में मिली महिला की लोकेशन-
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और महिला को मृत मानकर उसके ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ कर रही थी. इसी बीच खलारी थाना पुलिस को गुमशुदा महिला की इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए वीडियो से उसके सूरत में होने की जानकारी मिली थी. महिला ने जब अपना मोबाइल ऑन किया तो उसका लोकेशन सूरत की सचिन GIDC पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आया था. 
झारखंड पुलिस ने फ़ौरन ही सूरत की सचिन जीआईडीसी थाना पुलिस का संपर्क कर उनके थाने में दर्ज महिला के हत्या मामले की एफ़आईआर से अवगत कराया था. सूचना के आधार पर सूरत की सचिन जीआईडीसी थाना पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और झारखंड पुलिस की एफ़आईआर में मर चुकी महिला को सुरक्षित और जीवित खोज निकाला था.

प्रताड़ना से तंग आकर छोड़ा घर- महिला
प्राथमिक पूछताछ में महिला ने सूरत की सचिन जीआईडीसी पुलिस को बताया कि वह अपने पति और ससुराल पक्ष की ओर से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान थी. इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर छोड़ने का फैसला किया और किसी को बिना बताए चुपचाप 20 दिन पहले सूरत आकर रहने लगी थी. यहाँ पर वो देहाड़ी मजदूरी कर अपना गुजारा करती थी. अब सूरत में विवाहित महिला के जीवित और सुरक्षित मिलने के बाद झारखंड पुलिस की हत्या की जाँच में नया मोड़ ले लिया है. जिस मामले में झारखंड में विवाहिता की हत्या की आशंका जताई गई थी, उसमें अब महिला के बयान के आधार पर आगे की जांच की जाएगी. 

सूरत पुलिस ने क्या बताया?

सूरत पुलिस के एसीपी सुनील तरड़े ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को झारखंड राज्य के रांची जिले के खलारी पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर ने सचिन GIDC पुलिस स्टेशन सूरत से संपर्क किया. उन्होंने लिखित रिपोर्ट देकर सहायता मांगी. खलारी थाने में दर्ज प्राथमिकी (FIR No. 46/2026) के तहत बीएनएस (BNS 2023) की धारा 85, 103 (हत्या), 238 और अन्य धाराओं में मामला दर्ज था. पीड़िता का नाम विनी देवी उर्फ वीणा देवी है. पुलिस के मुताबिक महिला को सकुशल रांची पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि महिला का पति उस पर शक करता था और उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था. पति के इसी उत्पीड़न से तंग आकर महिला बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी. वह पिछले लगभग 20 दिनों से सचिन GIDC इलाके में रह रही थी और पहली बार यहां आकर छोटा-मोटा मजदूरी का काम करके अपना गुजारा कर रही थी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement