गर्मी का मौसम शुरू होते ही घर में फ्रिज की जरूरत सबसे ज्यादा महसूस होने लगती है. ठंडा पानी पीना हो, दूध और सब्जियां सुरक्षित रखनी हों या बचा हुआ खाना फ्रेश रखना हो, हर काम के लिए फ्रिज जरूरी होता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि फ्रिज चालू तो रहता है, लेकिन उसकी कूलिंग पहले जैसी नहीं रहती.
ऐसे में लोग तुरंत मैकेनिक बुलाने की सोचने लगते हैं, जबकि कई बार समस्या बहुत छोटी होती है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप घर पर ही इसकी वजह समझ सकते हैं. आखिर किन कारणों से फ्रिज सही तरीके से कूलिंग नहीं करता.
गलत जगह रखने से घट सकती है कूलिंग
फ्रिज को ऐसी जगह रखना चाहिए जहां आसपास हवा आसानी से आ-जा सके. अगर इसे दीवार से बिल्कुल चिपकाकर रखा गया है या ऐसी जगह रखा है जहां बहुत ज्यादा गर्मी रहती है, तो मशीन ठीक से काम नहीं कर पाती. फ्रिज के पीछे और दोनों किनारों पर थोड़ी जगह छोड़ना जरूरी होता है ताकि गर्म हवा बाहर निकल सके.
जरूरत से ज्यादा सामान नुकसानदायक
कई लोग फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान भर देते हैं. ऐसा करने से ठंडी हवा पूरे हिस्से में सही तरीके से नहीं पहुंच पाती. खासकर एयर वेंट के सामने सामान रखने से कूलिंग रुक जाती है. कोशिश करें कि फ्रिज को जरूरत के हिसाब से ही भरें और सामान को सही तरीके से रखें.
गंदी कंडेंसर कॉइल हो सकती है कारण
फ्रिज के पीछे लगी कंडेंसर कॉइल पर धूल और गंदगी जमने लगती है. अगर लंबे समय तक इसकी सफाई न की जाए, तो फ्रिज को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और कूलिंग कम होने लगती है. समय-समय पर कॉइल साफ करना बहुत जरूरी होता है.
टेढ़ा रखा फ्रिज भी कर सकता है असर
अगर फ्रिज फ्लेट सरफेस पर नहीं रखा है और थोड़ा टेढ़ा है, तो इसकी परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है. इससे दरवाजा ठीक से बंद नहीं होता और मशीन पर दबाव बढ़ सकता है. इसलिए हमेशा फ्रिज को बराबर और मजबूत सतह पर रखें.
टेंपरेचर सेटिंग है जरूरी
कई बार गलती से फ्रिज का तापमान बदल जाता है और लोग ध्यान नहीं देते. बेहतर कूलिंग के लिए फ्रिज का तापमान लगभग 1.5°C से 3°C के बीच होना चाहिए. वहीं फ्रीजर को करीब -18°C पर रखना बेहतर माना जाता है.