Pickle Storage Tips: इन 5 तरीकों को अपनाएं, पूरा सीजन चलेगा अचार.. नहीं होगा जरा भी खराब

अचार लोगों को जितना पसंद है, उतना ही खतरा उसके खराब होने का रहता है. ऐसे में जरूरी होता है कि हम उन उपाय को अपनाएं जिनसे उसे खराब होने से बचाया जा सके.

Prevent Pickle From Spoiling
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:21 PM IST

भारतीय रसोई में अचार सिर्फ एक साइड डिश नहीं, बल्कि स्वाद का हिस्सा होता है. चाहे दाल-चावल हो या पराठा, थोड़ा सा अचार पूरे खाने का जायका बदल देता है. अक्सर देखा जाता है कि कुछ समय बाद अचार पर सफेद परत जमने लगती है, उसमें बदबू आने लगती है या फफूंदी लग जाती है.

इसका कारण गलत स्टोरेज, नमी, साफ-सफाई की कमी और तेल का सही इस्तेमाल न करना होता है. अगर आप चाहते हैं कि आपका अचार लंबे समय तक ताजा और टेस्टी बना रहे, तो कुछ आसान घरेलू उपायों को अपनाना जरूरी है.

नमी से बचाव है सबसे जरूरी
अचार को खराब होने से बचाने के लिए सबसे पहले नमी से दूर रखना बेहद जरूरी है. जार या कंटेनर में अगर थोड़ी भी नमी रह जाती है, तो फफूंदी जल्दी पनपने लगती है. इसलिए अचार भरने से पहले जार को अच्छी तरह धोकर धूप में पूरी तरह सुखाएं. हमेशा कांच या चीनी मिट्टी के जार का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि ये अचार के स्वाद और क्वालिटी को लंबे समय तक बनाए रखते हैं.

तेल की परत बनाए रखती है ताजगी
अचार को सेफ रखने में तेल की अहम भूमिका होती है. सरसों का तेल अचार के ऊपर एक सेफ्टी लेयर बनाता है, जो हवा और नमी को अंदर जाने से रोकता है. ध्यान रखें कि अचार पूरी तरह तेल में डूबा रहे. अगर तेल कम लगे, तो हल्का गर्म करके ठंडा किया हुआ तेल ऊपर से डाल सकते हैं.

साफ-सफाई का रखें खास ख्याल
अचार निकालते समय हमेशा सूखा और साफ चम्मच इस्तेमाल करना चाहिए. गीला चम्मच या हाथ अचार में बैक्टीरिया पहुंचा सकता है, जिससे वह जल्दी खराब हो सकता है. अगर हाथ से अचार निकालना हो, तो यह ध्यान रखें कि हाथ पूरी तरह साफ और सूखे हों.

धूप दिखाना होता है फायदेमंद
घर के बने अचार को समय-समय पर धूप दिखाना बहुत जरूरी होता है. सप्ताह में एक बार 3-4 घंटे धूप में रखने से अचार की नमी खत्म होती है और उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ती है. धूप दिखाने के बाद जार का ढक्कन अच्छी तरह बंद करना न भूलें.

नमक और मसालों का सही बैलेंस
अचार में नमक और मसाले सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाते, बल्कि उसे खराब होने से भी बचाते हैं. नमक प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है, इसलिए इसकी क्वांटिटी सही रखना जरूरी है. हल्दी, मेथी, राई और हींग जैसे मसाले भी अचार को लंबे समय तक सेफ रखते हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED